सभी तटबंधों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित कराने का सख्त निर्देश
July 21, 2019
20.07.2019 (दरभंगा) : जल संसाधन मंत्री, संजय झा ने दरभंगा जिला को बाढ़ से बचाव हेतु सभी तटबंधों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित कराने हेतु जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कमला-बलान तटबंध के टूट जाने से जान-मान की काफी क्षति हुई है। आगे से कोई भी तटबंध नहीं टूटे यह सुनिश्चित करने की जवाबदेही अभियंताओं की है। इसमें किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। जल संसाधन मंत्री, संजय झा ने जिला अतिथि गृह में जल संसाधन विभाग/बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल के अभियंतागणों के साथ तटबंधों की सुरक्षा के लिए किये जा रहे उपायों की समीक्षा बैठक में उक्त बातें कहीं।
उनको बताया गया कि कमला-बलान तटबंध को टूटने से बचाने की कोशिश की गई लेकिन पानी का दवाब अत्यधिक रहने के चलते नहीं बचाया जा सका। मंत्री ने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि आगे से कोई भी तटबंध टूटे नही। खासकर शहरी सुरक्षा बाँध पर विशेष चौकसी बरतने का निर्देश अभियंताओं को दिया गया। मुख्य अभियंता, जल संसाधन द्वारा बताया गया कि रसियारी, कुम्हरौली, ककोढ़ा, कैथवार, मनसारा आदि टूटान स्थलों पर प्रोटेक्शन का कार्य शुरू हो गया है। बैठक में उपस्थित अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी ने बताया कि हथौड़ी में तीन जगहों यथा- हथौड़ी, बेंता-बासडीह एवं घोसरामा में बाँध टूटा है, लेकिन प्रोटेक्शन का कार्य एक ही जगह पर चल रहा है। मंत्री ने सभी टूटान को तत्काल बंद करने का निर्देश अभियंतागणों को दिया। उन्होंने कहा कि वरीय अभियंता स्वयं बाँध एवं तटबंधों पर जायें एवं इसका मुआयना करते रहे। बाढ़ से तटबंधों के बचाव हेतु अधिकारी एवं अभियंता पूरे चौकस रहें। उन्होंने जानना चाहा कि तटबंधों पर बड़ी संख्या में होमगार्ड के जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस पर अभियंताओं द्वारा बताया गया कि होमगार्ड के जवान तटबंधों पर सही तरीके से ड्युटी नहीं कर रहे है, वे लोग तटबंध पर नहीं रहते है। मंत्री द्वारा इस पर घोर नाराजगी व्यक्त किया गया। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा तटबंधों की सुरक्षा हेतु होमगार्ड के जवानों पर बड़ी राशि खर्च की जाती है, लेकिन इसकी उपयोगिता नहीं दिख रही है।
डीएम ने सभी अभियंताओं को कहा कि जो होमगार्ड ड्युटी पर से अनुपस्थित पाये जाये उनके खिलाफ रिपोर्ट किया जाए। ऐसे दोषी होमगार्ड के जवानों को पदमुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके पूर्व डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा मंत्री, जल संसाधन विभाग, बिहार संजय झा को बाढ़/आपदा के समय प्रशासन द्वारा किये जा रहे राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी दिया गया। उन्होंने बताया कि दरभंगा जिला के 13 प्रखण्डों के 104 पंचायत बाढ़ से प्रभावित हुए है, जिसमें 65 पंचायतों में पूर्ण एवं 41 पंचायतों में आंशिक प्रभाव है। उन्होंने बताया कि बाढ़ में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थलों पर ठहराया गया है और उनके लिए भोजन/पानी/दवा आदि की व्यवस्था की गई है।
डीएम ने बताया कि जिला में एन.डी.आर.एफ. एवं एस.डी.आर.एफ. की 05 टीमें है जो बाढ़ में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने से लेकर उनलोगों तक राहत सामग्री, चिकित्सा दल को पहुँचाने आदि में मदद कर रही है। उन्होंने बताया कि सभी बाढ़ पीड़ितों को कम्यूनिटी किचन चलाकर पका हुआ खाना खिलाया जा रहा है। कल 316 स्थलों पर कम्यूनिटी किचन चलाया गया, जिसमें 68,000 से अधिक लोगों ने खाना खाया। डीएम ने बताया कि जिन क्षेत्रों में कम्यूनिटी किचन चलाना संभव नही हुआ वहाँ के लोगों को सूखा राशन पैकेट, मोमबत्ती, दिया-सलाई आदि उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि अबतक 15,000 फूड पैकेट्स एवं 13,000 पोलीथीन शीट्स वितरित किया जा चुका है और यह कार्य लगातार जारी है।
उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा केन्द्र स्थापित कर बीमार व्यक्तियों की चिकित्सा की जा रही है। बुर्जुग लोग/गर्भवत्ती महिलाओं को विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं मेडिकल मोबाईल टीम भी गाँवों में जा-जाकर कैंप करके बीमार लोगों की चिकित्सा कर रहे हैं। मनुष्य के साथ मवेशियों की चिकित्सा एवं उनके चारा की व्यवस्था भी की गई है। 55 क्विंटल चारा भेजा गया है, जिसका वितरण पशुपालकों के बीच कराया जा रहा है। उक्त बैठक में डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम., अभियंता प्रमुख राजेश कुमार सहित अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, सहायक समाहर्त्ता (प्रशिक्षु) विनोद दूहन, मुख्य अभियंता/अधीक्षण अभियंता/कार्यपालक अभियंतागण उपस्थित थे।

















































04.07.2019 (दरभंगा): दिल्ली में दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ने केंद्रीय रेल और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर दरभंगा सहित मिथिलांचल के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न ज्ञापन सौंप रेल मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया।



























