January 19, 2021

18.01.2021 (दरभंगा) : सड़क दुर्घटना से लोगों को सचेत करने के लिए आम जनों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग,बिहार सरकार द्वारा 18 जनवरी से 17 फरवरी 2021 तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। दरभंगा जिले में इस कार्यक्रम की शुरुआत जिला क्लब से डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने खुले आसमान में गुब्बारे उड़ाकर सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा का संदेश दिया। इस अवसर पर स्वागत गान एवं ओडीसी नृत्य की प्रस्तुति माउंट समर कन्वेंट स्कूल, दरभंगा द्वारा किया गया। डीएम के पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा बैंड बजा कर उनका स्वागत किया गया। तथा परेड मार्च के साथ उन्हें मंच पर लाया गया। मंच पर पहुंचते ही जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका हार्दिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग,बिहार सरकार द्वारा समय-समय पर सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष व्यापक रूप से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। दरभंगा में भी बहुत ही बेहतर ढंग से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी से अनुरोध है कि वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा नियमों का विधिवत पालन करें तथा समाज में भी इसके लिए जागरूकता फैलाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार वैसी जगहों पर कुछ परिवर्तन करने पर विचार कर रही है, जहाँ बार-बार सड़क दुर्घटना होती है। सड़क के बगल में अवस्थित स्कूलों के लिए बाउंड्री वाल अनिवार्य कर दिया गया है, ताकि कोई भी वाहन विद्यालय में प्रवेश न कर सके और बच्चे दुर्घटनाग्रस्त न हो सके।
इस अवसर पर एसएसपी बाबूराम ने कहा कि आमतौर पर देखा जाता है कि जितनी मौतें सड़क दुर्घटना से होती है, शायद ही इतनी मौतें अन्य किसी कारणों से होती है। जहाँ तक की बड़ी से बड़ी बीमारी के कारण किसी को उतना नुकसान नहीं होता है जितना कि सड़क दुर्घटना से होता है। इससे बचना बहुत ही आसान है। इसके लिए केवल थोड़ी सी जागरूकता एवं संयम की आवश्यकता है। यातयात के नियमों एवं छोटी-छोटी आदतों को अपनाकर इससे बचा जा सकता है। जैसे दुपहिया वाहन हेलमेट पहनकर चलाना, चार पहिया वाहन सीट बेल्ट लगाकर चलाना, नशे में गाड़ी न चलाना, लर्नर एवं युवाओं का अच्छी तरह से गाड़ी चलाना, उन्हें भीड़-भाड़ वाले जगहों पर वाहन चलाने से रोकना। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यही है कि हम सड़क पर यातायात के नियमों का पालन करें एवं सावधानी बरतें। इस अवसर पर डीएम एवं एसएसपी द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को रवाना किया गया। इस अवसर पर उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।