March 28, 2022

25.03.2022 (दरभंगा) : मुख्य सचिव, बिहार, आमिर सुबाहनी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ए.ई.एस. (चमकी बुखार) से बचाव की तैयारी को लेकर सभी संबंधित विभाग एवं संबंधित जिलो के जिलाधिकारी के साथ बैठक की गयी तथा बैठक में सभी संबंधित विभाग से उनकी तैयारी का फीडबैक लिया गया। अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बिहार के दो जिले मुज़्ज़फ्फरपुर एवं पूर्वी चंपारण के 11 प्रखण्ड चमकी बुखार से मुख्यतः प्रभावित रहते हैं। यू तो चमकी बुखार साल के किसी भी महीने में हो जाता है, लेकिन अप्रैल, मई एवं जून में इसका प्रभाव सर्वाधिक रहता है। इसके लिए जागरूकता ही बचाव है।
चमकी को धमकी के अंतर्गत पहली धमकी बच्चे को सोने से पहले खिलाना जरूरी है और उस भोजन में कुछ मीठा पदार्थ भी शामिल हो। दूसरी धमकी बच्चे को सुबह जगा दिया जाए यदि वह जगाने के क्रम में बीमार या बेहोशी की हालात में पाया जाता है, तो तीसरी धमकी बीमार होने पर पैरासिटामोल की गोली एवं बेहोशी की हालत में उसे जगा कर ओआरएस का घोल दिया जाए एवं अविलंब नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जाए। इसके लिए पंचायतवार एम्बुलेंस/वाहन टैग किए गए हैं तथा सभी एएनएम और आशा को प्रशिक्षित किया गया है एवं उन्हें एईएस किट्स भी उपलब्ध कराया जा रहा है।102 एवं 104 नंबर डायल कर एंबुलेंस/वाहन तुरंत प्राप्त किया जा सकता है। यदि चमकी बुखार का मरीज किसी निजी वाहन से लाया जाता है तो अस्पताल पहुंचते ही उस वाहन का भाड़ा भुगतान कर दिया जाएगा। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र/सदर अस्पताल को सुबह 5:00 बजे से 6:00 के बीच किसी न किसी चिकित्सक को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि अप्रैल से मई माह के बीच उनके विभाग द्वारा प्रभावित टोलों में 200 ग्राम का सुधा मिल्क पाउडर का वितरण कराया जाता है।
बैठक में परिवहन विभाग, पीएचईडी, ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, अनुसूचित जाति/ जनजाति कल्याण विभाग, उपभोक्ता संरक्षण विभाग, समाज कल्याण विभाग के प्रधान सचिव/ सचिव शामिल थे। वही दरभंगा एनआईसी से जिलाधिकारी राजीव रौशन, सिविल सर्जन अनिल कुमार सिन्हा, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, डीपीएम हेल्थ डॉ. विशाल कुमार एवं संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन, दरभंगा को सभी पंचायतों के लिए एंबुलेंस/वाहन टैग कर देने का निर्देश दिया। साथ ही डीएमसीएच को पांच वाहनों के लिए अग्रिम राशि प्रदान करने का निर्देश दिया, ताकि निजी वाहन से कोई भी मरीज लाया जाए तो उसके भाड़ा का तुरंत भुगतान किया जा सके। एईएस का प्रचार-प्रसार आरबीएसके के वाहन से माइकिंग कराकर तथा आंगनवाड़ी, आशा, जीविका एवं शिक्षा विभाग के माध्यम से पर्चा बंटवा कर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विद्यालयों के दीवारों पर चमकी को धमकी का प्रचार प्रसार करवाने का निर्देश दिया। सभी विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन तुरंत प्रारंभ कर देने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी रात्रि में हलुआ या खीर बनवा कर बच्चों के घर भिजवाया जा सकता है। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों को सुबह में क्रियाशील रखने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। उन्होंने कहा कि दरभंगा में चमकी से जीरो डेथ का लक्ष्य लेकर काम करना है।