Dbg

28.09.2021 (दरभंगा) : भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा 78-कुशेश्वरस्थान (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप चुनाव को लेकर 28 सितम्बर 2021 को प्रेस नोट जारी कर दिया गया है। उक्त के आलोक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम द्वारा ज़ूम के माध्यम से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 78-कुशेश्वरस्थान (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उप निर्वाचन के लिए 01 अक्टूबर (शुक्रवार) को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, उसी दिन से नामांकन प्रारंभ हो जाएगा। नामांकन के लिए अंतिम तिथि 08 अक्टूबर (शुक्रवार) निर्धारित है, 11 अक्टूबर (सोमवार) को नाम निर्देशन पत्र की संवीक्षा की जाएगी, 16 अक्टूबर (शनिवार) को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। वहीं 30 अक्टूबर (शनिवार) को 264 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा और 02 नवंबर (मंगलवार) को मतगणना कराई जाएगी। प्रेस नोट निर्गत होने के साथ ही 28 सितम्बर से कुशेश्वरस्थान पूर्वी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गया है। आदर्श आचार संहिता दरभंगा जिला में केवल 78- कुशेश्वरस्थान (अ.जा) निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत ही लागू रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में कोविड-19 के लिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पूर्णतया अनुपालन कराया जाएगा। मतदान केंद्रों पर भी गाईडलाइन के अनुरूप व्यवस्था रहेगी तथा चुनावी सभा में भी दिए गए निर्देश का अनुपालन कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 78- कुशेश्वरस्थान (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 264 मतदान केन्द्र तथा कुल 2,54,999 मतदाता हैं । जिनमें 1,34,072 पुरुष मतदाता, 1,20,926 महिला मतदाता एवं 01 अन्य मतदाता शामिल हैं। दिनांक 01 जनवरी 2021 के आधार पर प्रकाशित निर्वाचक सूची का उपयोग 78-कुशेश्वरस्थान (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन, 2021 के लिए किया जाएगा।