21.10.2017 (दरभंगा) : हर पल अपराध से लड़ने वाले खाकी में इंसान आज आंसुओं से लड़ रहे थे। वो पल था, आज लहेरियासराय पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा के रूप में संस्मरण दिवस परेड का आयोजन। असल में ये परेड हर साल 21 अक्टूबर को उन सहयोगी पुलिसकर्मियों के याद में आयोजित किया जाता है जिन्होंने कर्तव्य के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी।
परेड में उपस्थित पुलिस के जवानों को सम्बोधित करते हुए दरभंगा जोन के आईजी सुनील कुमार झा (आईपीएस) ने कहा की पिछले वर्ष भारत में करीब 370 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पथ पर चलते हुए अपने प्राण गवाएं हैं, जिसमे 12 बिहार के थे। इस आंकड़ें से यह पता चलता है की पुरे देश में आंतरिक सुरक्षा को बनाये रखना एक बड़ी चुनौती है।
आईजी सुनील कुमार झा ने परेड में शामिल सभी पुलिसकर्मियों से कहा की (आप सभी की तरफ से देश के उन सभी 370 पुलिसकर्मियों को मैं अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ एवं उनके परिवारजनों के प्रति सहानभूति अर्पित करता हूँ। आप सभी को आगाह भी करता हूँ की कर्तव्य के दौरान सभी सतर्क रहें, धैर्य व संयम का परिचय दें। निरंतर आंतरिक सुरक्षा को बनाये रखना काफी चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। नक्सल समस्या से जूझना हो, किसी भीड़ से निपटना हो या अपराधकर्मीयों से जूझना हो, सभी चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसलिए आवयश्यकता है अपने प्रशिक्षण का फायदा लेते हुए कर्तव्य के दौरान पूरी तरह से सतर्क रहें, धैर्य व संयम बनायें रखें, मनोबल हमेशा बनायें रखें। चुनौती कैसी भी हो पुलिस को उससे निपटना पड़ेगा ही।)

इस श्रद्धांजलि सभा में डीआईजी विनोद कुमार, एसएसपी सत्यवीर सिंह (आईपीएस), एसडीपीओ अंजनी कुमार सिंह, एसडीपीओ दिलनवाज़ अहमद, डीएसपी प्रफुल्ल कुमार सिन्हा सहित कई पुलिस के जवान उपस्थित होकर नम आँखों से श्रद्धापूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।