June 09, 2022

08.06.2022 (पटना) : डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने 24x7 टीकाकरण केन्द्र की उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सभी को बधाई दी है। वे आज इसके एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर गुरूनानक भवन, दारोगा राय पथ, पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों, केन्द्र के कर्मियों एवं अन्य उपस्थित व्यक्तियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 24x7 टीकाकरण केन्द्र का एक वर्ष पूरा हो रहा है। कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने पूर्ण समर्पण एवं तत्परता के साथ आम लोगों की सेवा की है। काफी कम समय में अधिकतम टीकाकरण कर आप लोगों ने राज्य में कोविड को नियंत्रित करने में अहम योगदान दिया। इसके लिए आप सभी प्रशंसा के पात्र हैं। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि आपके इसी समर्पण एवं कुशलता के कारण स्वास्थ्य विभाग का बिहार मॉडल पूरे देश में प्रसिद्ध हुआ है। अन्य राज्यों में भी इसका अनुसरण किया गया है। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि टीकाकरण केन्द्र पर सभी आवश्यक सुविधा उपलब्ध है। सतर्कता डोज, 18+, 14+ एवं 12+ आयुवर्ग के लिए कोविड टीकाकरण के साथ सभी प्रकार का टीकाकरण सुलभ है।
हायपरटेंशन एवं मधुमेह के निःशुल्क जाँच की सुविधा यहाँ दी जा रही है। वृद्धों एवं दिव्यांगों के लिए टीकाकरण ड्राइव चलाया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से इन सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 24x7 टीकाकरण केन्द्रों पर दिनांक 07 जून, 2022 तक कुल 10,69,066 कोविड टीका दिया गया है। इसमें प्रथम डोज की संख्या 4,58,940, द्वितीय डोज की संख्या 5,46,289 एवं सतर्कता डोज की संख्या 63,837 है। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि अभी कोविड का दौर खत्म नहीं हुआ है। अतः सभी लोगों को सतर्कता बरतनी चाहिए। इससे पहले डीएम डॉ. सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर 24x7 टीकाकरण केन्द्र के एक वर्ष पूर्ण होने के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता सामान्य विनायक मिश्रा, जिला जन-सम्पर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी एस पी विनायक एवं केयर इंडिया के डीटीएल मानसून मोहंती तथा अन्य भी उपस्थित थे।डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि हम सभी इसी तरह से आगे भी लोगों के लिए काम करते रहेंगे।