Dbg

28.06.2018 (दरभंगा) : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के त्रैमासिक बुलेटिन "विश्वविद्यालय दर्पण" का लोकार्पण प्रशासनिक भवन के सभा कक्ष में कुलपति प्रोo सुरेंद्र कुमार सिंह ने किया।

लोकार्पण के उपरांत कुलपति ने उदगार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र संघ की सहभागिता में विश्वविद्यालय दर्पण का प्रकाशन एक नयी परंपरा की शुरुआत है। हम महामहिम कुलाधिपति के आभारी हैं जिनके निर्देशन में बुलेटिन के प्रकाशन के बहाने हमारी सर्जनात्मक सक्रियता मुखर हुई है। कुलपति प्रोo सुरेंद्र कुमार सिंह ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा की राज्य भवन के निर्देश पर छात्र संघ की सहभागिता में इस विश्वविद्यालय ने बिहार में सबसे पहले बुलेटिन का प्रकाशन प्रारंभ किया है। उन्होंने विगत वर्षों की उपलब्धियों को टेबुल बुक के रूप में प्रकाशित करने की उद्घोषणा की।

इस अवसर पर प्रति कुलपति प्रोo जय गोपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय दर्पण का प्रकाशन वस्तुतः उपलब्धियों का अभिलेखीकरण है। यह एक अच्छी पहल है। कुलसचिव मुस्तफा कमाल अंसारी ने विश्वविद्यालय दर्पण के प्रकाशन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संपादक मंडल ने इसे ससमय प्रकाशित कर जबर्दस्त काम किया है। यह वास्तव में विश्वविद्यालय का आईना है, जिसमें हम अपना अक्स बखूबी देख सकते हैं। प्रधान संपादक प्रोo चन्द्रभानु प्रसाद सिंह ने संकुचित किया कि फिलहाल यह जून सितंबर, दिसंबर एवं मार्च में प्रकाशित होगा। इसकी गुणवत्ता में परिष्कार हेतु निरंतर संवाद बना रहेगा।

इस अवसर पर संपादक मंडल के सदस्यों में प्रोo रतन कुमार चौधरी, प्रोo हरेकृष्ण सिंह एवं सूरज कुमार, संकायाध्यक्ष डॉo मनोज कुमार झा सहित विश्वविद्यालय के तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।