April 14, 2018

13.04.2018 (दरभंगा) : राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, नई दिल्ली डाॅ0 योगेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डाo भीमराव अम्बेदकर सभागार में बैठक आहूत की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए आयोग के सदस्य ने बताया कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के कल्याण हेतु अनेकों योजनाएँ चलायी जा रही हैं। उन्हीं योजनाओं के कार्यान्वयन के अनुश्रवण हेतु वे यहाँ आए है। उन्होनें बताया कि बैठक के पूर्व उनके द्वारा दरभंगा जिला स्थित अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावास का निरीक्षण किया गया। छात्रावास के भवनों की स्थिति जर्जर एवं शौचालयों की स्थिति बदतर नजर आयी। उन्होनें भवन एवं शौचालयों की मरम्मति एवं साफ-सफाई अविलम्ब करवाने का निर्देश दिया। जिले के विभिन्न विभागों यथा - शिक्षा, स्थापना, कृषि, आई0सी0डी0एस0, कल्याण, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा के अन्तर्गत अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विभिन्न पदों पर नियुक्ति तथा योजनाओं के प्रगति के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। पुलिस विभाग में अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलें एवं उसके निष्पादन व मुआवजा देने के अद्यतन स्थिति की जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक से ली। उन्होनें संबंधित विभागों के उपस्थित पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए सख्त निर्देश दिया कि भविष्य में होने वाली बैठक के पूर्व सभी अद्यतन जानकारी एवं सकारात्मक प्रगति का प्रतिवेदन लेकर आवें। उक्त बैठक में अपर समाहर्ता-सह-प्रभारी जिला पदाधिकारी, प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सभी संबंधित विभागों के प्रभारी पदाधिकारीगण, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।