October 08, 2020

08.10.2020 (दरभंगा) : बिहार विधान परिषद, 05-दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र एवं 05 -दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नाम वापसी के उपरांत स्नातक क्षेत्र के 16 एवं शिक्षक निर्वाचन के 13 अभ्यर्थियों/अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि के साथ श्री मयंक वरवड़े, आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल सह निर्वाची पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक की गई। इस अवसर पर 5-दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक दीपक सिंह, भा.प्र.से. एवं 5- दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रेक्षक संजीव हंस भी उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी चुनाव प्रक्रिया के लिए कोविड-19 के गाइडलाइन से सभी को अवगत कराते हुए आयुक्त श्री मयंक वरवड़े ने बताया कि मतदान केंद्रों पर उन्हीं को प्रवेश दिया जाएगा जो मतदाता होंगे। अभ्यर्थी के एक ही पोलिंग एजेंट मतदान केंद्र पर रहेंगे। सभी मतदाता को मतदान केंद्र पर मास्क लगाकर जाना होगा। तथा वहां कतार लगने के लिए सामाजिक दूरी का अनुपालन करना होगा। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर पर मतदाता वरीयता क्रम में अंग्रेजी, रोमन या हिंदी में संख्या 1,2,3...... लिखकर मतदान करेंगे। शब्दों में एक,दो, तीन....., मान्य नहीं होगा। मतदान केंद्र पर बैगनी रंग का कलम दिया जाएगा जिससे अभ्यर्थियों के नाम के सामने वरीयता क्रम मंं अपना मत अंकित करना होगा यदि किसी मतदाता द्वारा नोटा के सामने 01 लिख दिया जाएगा, तो वह मत नहीं गिना जाएगा।
प्रवेश द्वार पर सभी मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग होगी और जिसका तापमान समान्य पाया जाएगा उन्हें ही मतदान केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। जिनका तापमान सामान्य से अधिक पाया जाएगा, उन्हें कुछ देर तक ठंडे स्थान में बिठाया जाएगा और पुनः तापमान की जांच की जाएगी यदि इस बार भी अधिक तापमान पाया गया, तो उन्हें अंत में मतदान करने आने को कहा जाएगा। मतदान कर्मियों को कोविड-19 से संबंधित सभी प्रकार के सुरक्षा कीट्स उपलब्ध कराए जाएंगे।
वहां उपस्थित प्रशिक्षक द्वारा मतदान पेटीका के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यदि दो मतदान पेटी का का प्रयोग किया जाएगा तो पहले बार 1/1 और दूसरे बक्सा पर 1/2 लिखा जाएगा। पेपर सील के उजले भाग पर पीठासीन अधिकारी एवं पोलिंग एजेंट का हस्ताक्षर रहेगा। वह भाग अंदर की ओर रहेगा और हरा रंग जिस पर पेपर सील नंबर अंकित रहेगा, वह भाग ऊपर की ओर रहेगा। पोलिंग एजेंट के रूप में सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी तथा राजनैतिक पदधारी व्यक्ति पोलिंग एजेंट के रूप में प्रतिनियुक्त नहीं होंगे। प्रचार के दौरान जातीय, धार्मिक एवं भाषाई मतभेद वाली बात नहीं करनी होगी। अभ्यर्थियों के पूछने पर बताया गया कि इस चुनाव में चुनाव व्यय की सीमा निर्धारित नहीं है, अभ्यर्थियों ने बताया कि 22 अक्टूबर को सभी जिलों में चुनाव कर्मियों का प्रशिक्षण रखा गया है जिसमें भारी संख्या में शिक्षक होते हैं, इससे मतदान प्रभावित होगा। अभ्यर्थियों की मांग पर तथा उपस्थित प्रेक्षक के निर्देश पर 22 अक्टूबर 2020 को चुनाव प्रशिक्षण नहीं रखने का अनुरोध मानते हुए चारों जिला के जिलाधकरियों को निदेशित करने का निर्णय लिया गया।
बताया गया कि मतदाताओं को अपनी पहचान बताने के लिए फोटोयुक्त 11 वैकल्पिक दस्तावेज में से कोई एक मतदान केंद्र पर ले जाना जरूरी होगा। आयुक्त महोदय ने अवगत कराया कि मतगणना 12 नवंबर से सीएम आर्ट्स कॉलेज के कर्पूरी भवन में किया जाएगा। पूर्व विधान पार्षद विनोद चौधरी के नाम वापस ले लेने के उपरांत दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 16 अभ्यर्थी मैदान में रह गए। इसके उपरांत आयुक्त महोदय की अध्यक्षता में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पुनः उपरोक्त बातों से संवाददाताओं को अवगत कराया गया।