November 26, 2022

25.11.2022 (दरभंगा) : सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने अपनी उपलब्धि बताते हुए कहा की विगत दिनों उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर दरभंगा के विभिन्न रेल परियोजना में तेजी लाने का आग्रह किया था, जिसमे विश्वस्तरीय स्टेशन निर्माण प्रमुख विषय था। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि मुलाकात के दौरान ही रेल मंत्री ने संबंधित अधिकारी को कार्य प्रारंभ करने हेतु निर्देशित कर दिए थे। जिसके फलस्वरूप आरएलडीए एवं रेलवे के वरीय पदाधिकारी द्वारा बीते दिन सर्वे एवं मापी का कार्य पूर्ण कर लिया गया। नई दिल्ली में मंत्री से मुलाकात के पश्चात सांसद ने 22 नवंबर को हाजीपुर में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा से भी मुलाकात कर सर्वे कार्य प्रारंभ करने पर चर्चा किए थे। दरभंगा को अग्रणी पंक्ति का शहर बनाने का उनका सपना अब साकार हो रहा है। अब वह दिन दूर नहीं जब दरभंगा जंक्शन भारत के वर्ल्ड क्लास जंक्शन में शामिल हो जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्य के लिए उन्होंने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को समस्त मिथिलावासियों की ओर धन्यवाद ज्ञापित किया। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि वह एक-एक कर दरभंगावासियों के हरेक सपना पूरा करने हेतु अथक प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा की तीन सौ करोड़ की लागत से दरभंगा जंक्शन का विकास एयरपोर्ट मॉडल के तर्ज पर होगा।
आगामी 45 वर्षों को ध्यान में रखकर दरभंगा जंक्शन का संपूर्ण सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म एरिया और फुट ओवरब्रिज एरिया के सिस्टम मे बदलाव किया जाएगा। एयरपोर्ट के तर्ज पर अलग अलग प्रवेश और निकास द्वार का निर्माण किया जाएगा। वहीं प्रस्तावित तीन फ्लोर वाले इस स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर पर पैसेंजर का प्रवेश और निकास के अलावा पैसेंजर से जुड़े विभाग जैसे आरपीएफ, डीआरएस, यूटीएस आदि सहित पदाधिकारियों के कार्यालय होंगे। वही प्रथम तल पर सिर्फ रेलवे के कार्यालय होंगे। जबकि द्वितीय तल पर मॉडर्न मॉल के मॉडल पर यात्रियों के बैठने के लिए 72 मीटर चौड़ा लाउंज बनाया जाएगा। इसके अलावा इस फ्लोर पर फूडकोर्ट, एटीएम से लेकर एयरपोर्ट की तरह मौजूद सभी अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध रहेगा। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि यात्री सुविधा को मद्देनजर रखते हुए रेलवे स्टेशन के पूरब दिशा में लक्ष्मीसागर की ओर से भी स्टेशन का निर्माण किया जाएगा ताकि मुख्य दिशा से यात्रियों की भीड़ को कम किया जा सके और उस दिशा में रहने वाले लोगों को भी फायदा मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ट्रेन परिचालन को प्रभावित किए बिना 3 फेज में इस वर्ल्ड क्लास स्टेशन का निर्माण कार्य 02 साल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सांसद डॉ ठाकुर ने कहा कि अत्याधुनिक विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन हेतु सर्वे का काम शुरू होते ही मिथिलावासियों में खुशी की लहर व्याप्त है।