October 03, 2020

01.10.2020 (दरभंगा) : स्वीप (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक भागीदारी) के अन्तर्गत दरभंगा के मतदाताओं को मतदान हेतु जागरूक बनाने के लिए प्रत्येक विधान सभावार एक मतदाता जागरूकता रथ को आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने जिला स्वीप ऑईकॉन मणिकान्त झा के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर आई.सी.डी.एस. की सेविकाओं ने मतदाता जागरूकता से संबंधित रंगोली एवं पेन्टिग का प्रदर्शन किया। सभी जागरूकता रथ में ऑडियो सिस्टम लगा है, जिसमें मनोरंजक मैथिली गाना के साथ मतदाताओं को प्रोत्साहित एवं जागरूक किया जा रहा है। इस अवसर पर संवादाताओं को सम्बोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा कि दरभंगा के 05 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में 03 नवम्बर को तथा 05 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में 07 नवम्बर को मतदान निर्धारित है। कोविड-19 के मद्देनजर सभी प्रकार की व्यवस्था सभी मतदान केन्द्र पर की गई है। सभी मतदान केन्द्र को एक दिन पूर्व पूर्णतः सैनिटाईज किया जाएगा। मतदाताओं को कतार में खड़ा रखने के लिए सामाजिक दूरी के अनुपालन हेतु 06 फीट की दूरी पर घेरा बनाया जाएगा और अधिकतम 15 से 20 मतदाताओं को ही कतार में खड़ा रहने दिया जाएगा। महिला, पुरूष और पी.डब्लू.डी. मतदाताओं के लिए अलग-अलग लाईन लगायी जाएगी। प्रत्येक मतदाताओं की सुरक्षा के लिए गलब्स, सेनिटाईजर की व्यवस्था की गई है, उन्हें अपनी पहचान के लिए निशान देने हेतु इयर बर्ड की व्यवस्था की गई है, जिसके सहारे से स्याही अपने अंगूठा में लगाएगें, जिससे संक्रमण का बिलकूल खतरा नहीं रहेगा और सभी मतदाताओं का प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रेनिंग करायी जाएगी। सामान्य से अधिक तापमान वाले मतदाताओं को टोकन देकर मतदान की अंतिम 01 घंटे की अवधि में मतदान करने हेतु बुलाया जाएगा।
उन्होंने बताया की कोविड-19 पॉजिटिव एवं अधिक तापमान वाले मतदाता अंतिम 01 घंटे की अवधि में मतदान करने हेतु मतदान केन्द्र पर जाएगें। उस समय सभी मतदान कर्मी पीपीई किट्स में रहेंगे। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सबकी भागीदारी अनिवार्य है। अतः लोकतंत्र का महत्व समझे और लोकतंत्र के इस महापर्व में आप अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, प्रशासन अपकी सुरक्षा के लिए पूर्णतः तैयार है।