September 22, 2019

21.09.2019 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने आज बेनीपुर प्रखण्ड अन्तर्गत बाथोरूम नादिया पंचायत में सरकार के सात निश्चय योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड नम्बर 06, 09, 10, 12 में घूम-घूमकर नल-जल योजना, गली-नाली पक्कीकरण योजना का निरीक्षण किया। उन्हें एक वार्ड में नल-जल योजना के तहत नल में पानी नहीं आने की शिकायत प्राप्त हुई थी। इसी बावत उन्होंने इन वार्डों में जाकर नल-जल योजना का निरीक्षण किया। डीएम के निरीक्षण में इस पंचायत में कही भी गली-नाली योजना का क्रियान्वयन नहीं पाया गया। इस पर इस पंचायत में गली-नाली योजना का क्रियान्वयन शीघ्र शुरू कराने का निदेश प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बेनीपुर को दिया गया।
इस पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ कई लोगों के नहीं मिलने की शिकायतें मिलने पर डीएम ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बेनीपुर को वंचित पात्र परिवारों को आवास योजना की सूची में उनका नाम जोड़कर स्वीकृति प्रदान करने की कार्रवाई शुरू करने का निदेश दिया है। महादलित टोला में भ्रमण के दौरान कई घरों में शौचालय नहीं बने होने की बातें बताई गई। डीएम ने महादलित टोलो में सर्वोच्च प्राथमिकता देकर छूटे हुए घरों में शौचालय का निर्माण कराने हेतु भी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को निदेशित किया। उन्होंने कहा कि सरकार के सात निश्चय योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दिया जाना है। ये सभी योजनाएँ आम आदमी के जीवन स्तर को सुधारने के लिए बनाई गई हैं, इसमें किसी भी प्रकार की ढ़िलाई एवं उदासीनता बरते जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।