April 07, 2021

07.04.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में बच्चों की बहुचर्चित बीमारी ए ई एस से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सुझाव का व्यापक प्रचार-प्रसार करवाने को लेकर बैठक की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि मुजफ्फरपुर जिला एवं उसके आसपास के जिलों में अप्रैल से बरसात प्रारंभ होने तक ए ई एस का प्रकोप रहता है। इस बीमारी के चपेट में 0 से 6-7 साल के बच्चे आते हैं। दरभंगा जिला में अभी तक ए ई एस का केस नहीं मिला है। वर्ष 2018 में एक केस मुजफ्फरपुर में मिला था जिनका पैतृक आवास दरभंगा जिला के जाले में है। डीएम श्री त्यागराजन ने कहा कि यह अच्छी बात है कि दरभंगा जिले में इस बीमारी का प्रकोप नहीं रहा है फिर भी ए ई एस बीमारी के प्रकोप से बच्चों को सुरक्षित रखने हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सुझाव का दरभंगा जिला में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सुझाव में बच्चों को रात में खाली पेट नहीं रखना, रात में कुछ मीठा भोजन अथवा गुलकोज पिलाना, अपने आवास के आसपास साफ-सफाई रखना एवं बच्चों की सफाई पर ध्यान देना शामिल है। साथ ही ए ई एस की चपेट में आने वाले बच्चों को खुली हवा में रखते हुए तुरंत अस्पताल ले जाना, ओझा गुनी के चक्कर में ना पड़ना शामिल है। उन्होंने आंगनबाड़ी, सेविका, सहायिका, आशा, जीविका दीदी एवं महिला पर्यवेक्षिका एवं विद्यालय के माध्यम से घर-घर लोगों को जागरूक करवाने के निर्देश दिए। इसके लिए हैंड बिल, पोस्टर, दीवार लेखन एवं होर्डिंग्स फ्लेक्स का प्रयोग करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया। बैठक में सिविल सर्जन संजीव कुमार सिन्हा, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, डीपीएम जीविका, डीपीएम विशाल कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार मिश्र, केयर इंडिया के श्रद्धा झा, यूनिसेफ के शशिकांत सिंह, ओंकार चंद्र शामिल थे।