Dbg

27.09.2019 (दरभंगा) : छात्र संघ चुनाव की तिथि बढ़ाने को लेकर आईसा के प्रदेश सह-सचिव संदीप कुमार चौधरी, एआईएसएफ के जिला सचिव शरद कुमार सिंह, छात्र आरजेडी के प्रवीण कुमार यादव, एनएसयूआई के प्रह्लाद कुमार, एमएसयू के अमन सक्सैना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को कई घंटो तक बंद रखा गया। दर्जनों कार्यकर्ता सुबह के 9:30 बजे अपने घोषित कार्यक्रम मिथिला विश्वविद्यालय को बंद करवाने हेतु विश्वविद्यालय मुख्यालय पर पहुंच गए। मुख्यालय पर पहुंचते ही सभी कार्यालयों पर ताला जड़ नारेबाजी करने लगे और सभी मुख्य गेटों पर बैठकर छात्र संघ चुनाव की तिथि बढ़ाने की माँग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।विश्वविद्यालय मुख्यालय के मेन गेट पर एकत्रित होकर एआईडीएसओ के जिला सचिव ललित कुमार यादव की अध्यक्षता में एक सभा हुई।

सभा को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि छात्र संघ चुनाव 2019-2020 की अधिसूचना छात्र विरोधी है। इस अधिसूचना से भारी मात्रा में आम छात्र-छात्राएं चुनाव से वंचित होते दिख रहे हैं। छुट्टियों के बीच छात्रसंघ चुनाव कराकर छात्रसंघ चुनाव के नाम पर विश्वविद्यालय प्रसाशन मात्र खानापूर्ति कर रही है। छात्र-छात्राएं जब कॉलेज कैंपस में कुछ दिन कक्षा नहीं करेंगे तब तक वह कैसे चुनाव लड़ सकते है। दोपहर 2 बजे के उपरांत कुलसचिव और छात्रो के आग्रह पर परीक्षा विभाग को खोला गया। बंद के दौरान ही कुलसचिव विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचे और छात्रों से वार्ता करने हेतु बुलाया। कुलसचिव कार्यालय में वार्ता के दौरान कुलसचिव, मुख्य चुनाव पदाधिकारी, उप कुलानुशासक, भू-संपदा पदाधिकारी मौजूद थे। जहाँ पदाधिकारियों ने अश्वासन दिया कि शनिवार को चुनाव संचालन कमिटी की बैठक कर माँगो पर गंभीरता पूर्वक विचार कर छात्रो के पक्ष में ही निर्णय लेंगें।