Dbg

02.04.2019 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित डीएम कार्यालय प्रकोष्ठ में संयुक्त संवाददाता सम्मलेन आयोजित किया गया। उक्त सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए डीएम डॉo त्यागराजन एस.एम. ने कहा की स्वच्छ, पारदर्शी, शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा की चुनाव आयोग के निर्देशानुसार वोटर आईडी कार्ड में से कोई एक मताधिकार के समय प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा की 02 अप्रैल से 09 अप्रैल तक नामांकन, 10 अप्रैल को स्क्रूटनी तथा 12 अप्रैल को नामांकन वापसी की तिथि निर्धारित की गयी है। उन्होंने कहा की अपराधी तत्वों पर नजर रखी जा रही तथा मतदाताओं को भयभीत करनेवालों को किसी भी हाल में बक्शा नहीं जायेगा। इस चुनाव में जो लोग पहली बार वोट डालेंगे उन्हें एलईडी स्क्रीन पर दिखाया जायेगा।

एसएसपी बाबू राम ने कहा की लोक सभा आम निर्वाचन, 2019 के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाये रखने तथा भयमुक्त वातावरण में मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा गैर-कानूनी गतिविधियों में सलिप्त/आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरूद्ध लगातार निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने कहा की जिला में अब तक 51 व्यक्तियों के विरूद्ध सी.सी.ए. के तहत कार्रवाई करने का प्रस्ताव जिला दण्डाधिकारी, दरभंगा को भेजा गया है, जिसमें से जिला दण्डाधिकारी, दरभंगा द्वारा 23 व्यक्तियों पर सी.सी.ए. के तहत कार्रवाई हेतु आदेश निर्गत कर दिया गया है। थाना एवं एफ.एस.टी./एस.एस.टी. के द्वारा वाहनों की सघनता से जाँच कर गैर-कानूनी आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है।

वाहनों की जाँच में वाहन मालिकों से अबतक 31 लाख 31 हजार 700 रूपया वसूली हुई है। वहीं पुलिस के द्वारा 21,093 लीटर शराब जब्त की गई है। आपराधिक प्रवृत्ति के 7079 व्यक्तियों के विरूद्ध गैर जमानती वारंट निर्गत किया गया है। कुल 14,792 व्यक्तियों के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है, जिसमें से 2952 व्यक्तियों से बंध पत्र भरवाया गया है। अनुज्ञप्ति प्राप्त शस्त्रधारकों के 983 शस्त्रों का सत्यापन किया गया। जिसमें से 107 शस्त्र शस्त्रधारकों से जमा करा लिया गया है। वहीं 62 शस्त्रधारको के अनुज्ञप्ति को रद्द कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले में अब तक 13 व्यक्तियों के विरूद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शराब बन्दी कार्रवाई में 199 लोगों को जेल भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि लोक सभा आम निर्वाचन के अवसर पर सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। वहीं दियारा क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर केन्द्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ 85 जगहों पर नाका लगाकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।