July 01, 2018

27.06.2018 (दरभंगा) : सांसद कीर्ति आजाद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में की गयी। बैठक की कार्रवाई उप विकास आयुक्त के द्वारा पूर्व में आहूत दिशा की बैठक में दिये गए निर्देश व कार्यवाही के आलोक में अनुपालन प्रतिवेदन पढ़ने से प्रारंभ हुई। सर्वप्रथम राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत प्राप्त शिकायतों की जाँच उच्च स्तरीय टीम से करवाए जाने की जानकारी दी गई। कुछेक मामलों में कड़ी अनुशासनिक कार्रवाई करने एवं राशि वसूलने की भी बात बतायी गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद के द्वारा दरभंगा रेलवे स्टेशन के सामने हमेशा जाम की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जाम के स्थायी निराकरण हेतु सिटी मैनेजर, नगर निगम, दरभंगा से ठोस कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने अब तक के की गई कार्रवाई से अप्रसन्नता भी व्यक्त की। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत चलाए जा रहे प्रशिक्षण केन्द्रों को नियमित ढ़ंग से चलवाने का निर्देश जीविका के जिला समन्वयक को दिया । ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमण्डल, बेनीपुर के कार्यपालक अभियंता के बैठक से अनुपस्थित रहने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों से भी असंतोष व्यक्त किया। उन्होनें जिला पदाधिकारी से अलग से ग्रामीण कार्य विभाग के सभी कार्य प्रमण्डल के कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक कर गहन अनुश्रवण करने को कहा। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत दिये जा रहे सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अन्तर्गत ऑनलाइन भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस योजना में आ रही शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। दरभंगा नगर निगम के द्वारा बनवाये गए सार्वजनिक शौचालयों को कार्यरत करने का निर्देश दिया गया। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना के तहत अब तक बच गए ग्रामीण टोलों में विधुत कनेक्शन अविलम्ब पहुँचाने का निर्देश विधुत कार्यपालक अभियंता को दिया गया। उक्त बैठक में जिला परिषद् अध्यक्षा, मुख्य पार्षद, नगर परिषद्, बेनीपुर, विभिन्न प्रखण्डों के प्रमुखगण, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारीगण व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।