August 28, 2020

27.08.2020 (पटना) : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के सफल एवं सुचारु आयोजन हेतु जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुमार रवि ने ए. एन. कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र एवं बज्रगृह की प्रशासनिक तैयारी हेतु उच्चाधिकारियों की टीम के साथ भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इस क्रम में जिलाधिकारी ने ए.एन. कॉलेज के विभिन्न कमरों का निरीक्षण किया तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए काउंटिंग हेतु वांछित कमरों की उपयुक्तता का अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग की सुचारू व्यवस्था हेतु कमरों की संख्या, टेबल की संख्या, टेवलवार मतगणना कर्मियों के बैठने की व्यवस्था, जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं प्रेक्षक के बैठने की व्यवस्था तथा आर ओ टेबल आदि की उपयुक्त व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने बताया की मतगणना केंद्र के भीतर एवं बाहर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे तथा जगह जगह पर सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापित कर सशक्त एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग की जाएगी तथा नियंत्रण कक्ष बनाए जाएंगे। वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था हेतु भी स्थल चिन्हित किए गए। जिलाधिकारी ने मतगणना कार्य में शामिल होने वाले कर्मियों का निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के अनुरूप समुचित प्रशिक्षण देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश उप निर्वाचन पदाधिकारी को दिया। ए. एन. कॉलेज में ही ईवीएम वीवीपैट के रखरखाव हेतु स्ट्रांग रूम बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी श्री कुमार ने उसके रखरखाव की समुचित व्यवस्था का भी जायजा लिया।
August 28, 2020

26.08.2020 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में 07 निश्चय योजना, बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पी.एफ.एम.एस. के लिए शेष डाटा भेजने तथा 28 अगस्त को मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा वार्डों के नल-जल योजना का उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण को लेकर बैठक की गई। ऑनलाइन बैठक में डीएम ने बाढ़ प्रभावित अंचलों के अंचलाधिकारियों से उनके अंचल में बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुए सड़कों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा बैठक में उपस्थित ग्रामीण कार्य विभाग-1 एवं ग्रामीण कार्य विभाग-2 के सहायक अभियंताओं एवं कार्यपालक अभियंता को संबंधित सड़कों की मरम्मत सोमवार तक करा लेने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि अपने कन्या अभियंता के माध्यम से अंचलों का सर्वेक्षण कराकर सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची प्राप्त कर लें तथा सोमवार तक उनकी मरम्मत करवा ली जाए। सोमवार को पुनः इसकी समीक्षा की जाएगी। केवटी, सिंहवाड़ा, सदर, बिरौल, हायाघाट, हनुमाननगर, बहेड़ी, गौड़ाबौराम, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, जाले, बेनीपुर, घनश्यामपुर एवं बहादुरपुर के अंचलाधिकारियों ने अपने-अपने अंचल के एक-एक क्षतिग्रस्त सड़कों की जानकारी दी।
डीएम ने ऑनलाइन बैठक में सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को सम्बोधित करते हुए कहा कि 28 अगस्त के पूर्वाह्न 11ः30 बजे माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा हाल में जिन वार्डों में नल-जल योजना पूर्ण हुए हैं, उनका ऑनलाइन शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर संबंधित वार्ड निगरानी समिति द्वारा अपने-अपने वार्डों में कार्यक्रम के सीधा प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी तथा सोशल डिस्टेंस को मेंटेन करते हुए लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। पी.एच.ई.डी. के द्वारा जिन वार्डों में कार्य कराये गये हैं, उन वार्डों में सीधा प्रसारण की व्यवस्था पी.एच.ई.डी. के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने दरभंगा सदर, केवटी, जाले एवं बहेड़ी प्रखंड के कई वार्डों में नल-जल योजना का कार्य अवशेष रहने को लेकर संबंधित बीडीओ के प्रति नाराजगी व्यक्त की तथा चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही उन वार्डों में कार्य पूर्ण नहीं कराया जाता है तो संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को भी प्रत्येक सप्ताह योजनाओं का निरीक्षण कर कार्य की निगरानी एवं अनुश्रवण करना है।
ऐसा प्रतीत होता है कि संबंधित प्रखंड में निरीक्षण में कमी की गई है। उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में नल-जल योजना में अनियमितता की गई है और जाँच प्रतिवेदन के उपरांत प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश जारी किया गया है, उसका शत्-प्रतिशत् अनुपालन होना चाहिए और कृत कार्रवाई का अनुपालन प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जहाँ जाँच लंबित है, वहाँ शीघ्र जाँच कर ली जाए। यदि किसी योजना के विरूद्ध अनियमितता की शिकायत प्राप्त हुई है, तो उसकी जाँच होगी, चाहे आवेदक आवेदन वापस की क्यों न ले लिया हो। एक बार अनियमितता की जानकारी मिलने के उपरांत उस योजना की निश्चित रूप से जाँच होगी। बहेड़ी, बेनीपुर, बिरौल एवं नगर निगम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लाभुको के डाटा पी.एफ.एम.एस. के लिए लंबित रहने पर संबंधित अंचलाधिकारियों को शीघ्र डाटा भेजने का कार्य समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
August 28, 2020

25.08.2020 (दरभंगा) : आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2020 की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक को सम्बोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव की तैयारी के लिए सभी कोषांग के वरीय पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी अपने-अपने कोषांग का कार्य प्रारंभ कर दें। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कोविड-19 के मद्देनजर चुनाव कराने हेतु विस्तृत मार्गदर्शिका जारी की गयी है। सभी नोडल पदाधिकारी एवं वरीय पदाधिकारी इस मार्गदर्शिका का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें। क्योंकि इस बार का चुनाव अन्य बार के चुनावों से भिन्न होगा। कोविड-19 से सुरक्षा व बचाव के लिए किन-किन प्रक्रियाओं एवं वस्तुओं का प्रयोग करना है, उससे भलीभांति परिचित होना होगा। मतगणना के लिए भी जारी निर्देश में एक मतगणना कक्ष में अधिकतम 07 टेबुल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार मतदान केन्द्रों की संख्या भी बढ़ गई है। इसलिए प्रत्येक विधान सभा के मतगणना के लिए कम से कम 03 या 04 मतगणना कक्ष बनाने होंगे। उन्होंने सभी निर्वाची पदाधिकारी (आर.ओ.) को इसकी योजना बना लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जगह कम पड़ने की स्थिति में बिरौल एवं बेनीपुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना बेनीपुर में ही कराने की योजना बनाई जा सकती है।
उन्होंने अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर को इसकी योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार समिति में 20 हॉल मौजूद है, जिनमें से बज्रगृह के लिए भी हॉल की आवश्यकता होती है। अतिरिक्त मतगणना केन्द्र के लिए दरभंगा अभियंत्रण कॉलेज के प्रशासनिक भवन को देखा गया है। सभी निर्वाची पदाधिकारी को भी उक्त स्थल देख लेने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि कोविड पॉजिटिव भी मतदान करने आएंगे। उस दौरान सभी मतदान कर्मी को पी.पी.ई. किट्स में रहना होगा। इसलिए सभी निर्वाची पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के कन्टेनमेंट जोन एवं पॉजिटिव मरीजों के संबंध में जानकारी लेते रहें तथा उनसे कब मतदान कराया जाएगा, इसकी भी योजना बना लेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों की संख्या बढ़ गई है, इसलिए महिला कर्मियों को भी मतदान कार्य में लगाना होगा। सभी निर्वाची पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के वैसे मतदान केन्द्रों को चिन्ह्ति कर लें, जहाँ महिला मतदान कर्मियों को लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिग को मेंटेन रखते हुए मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण देने हेतु भी योजना बनानी होगी और यह जिम्मेवारी प्रशिक्षण कोषांग की है। इसलिए प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी इसकी योजना बना लें। उन्होंने कहा कि सभी प्रवासी मजदूरों का भी निर्वाचक सूची में नाम दर्ज करवाना है। संबंधित निर्वाची पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में इसे सुनिश्चित करवा लें। उन्होंने कहा है कि निर्वाचन आयोग के अनुसार संविदा कर्मियों को चुनाव कार्य में लगाया जाएगा, लेकिन मॉइक्रो ऑब्जर्वर, पीठासीन पदाधिकारी एवं दण्डाधिकारी के रूप में उनकी नियुक्ति नहीं की जाएगी, इसलिए उनका डाटा बेस अलग से बना लिया जाए। चुनाव कार्य एवं चुनाव प्रचार के लिए भी जारी मार्गदर्शिका के अनुसार अधिसंख्य में मैदान की जरूरत पड़ेगी, इसलिए सभी निर्वाची पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के बड़े-बड़े मैदानों को उसकी क्षमता का आकलन करते हुए चिन्ह्ति कर लें।
जारी मार्गदर्शिका के अनुसार 01 व्यक्ति के लिए 03 फीट की रेडियस में जगह होनी चाहिए। सर्वप्रथम चुनाव कार्य हेतु मैदान चिन्हित कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि दरभंगा में 99 ऐसे नये मतदान केन्द्र हैं, जो मूल मतदान केन्द्र से अलग बनाये गए हैं। उन मतदान केन्द्रों के लिए बी.एल.ओ. की नियुक्ति कर ली जाए। इसके उपरांत बारी बारी से सभी कोषांगो के नोडल पदाधिकारी एवं वरीय पदाधिकारी के नाम बताया गया।
August 21, 2020

21.08.2020 (दरभंगा) : 48वें मिथिला विभूति पर्व समारोह के आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए विद्यापति सेवा संस्थान के आम सभा की बैठक एमएलएसएम कॉलेज परिसर में हुई। मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष कमलाकांत झा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वैश्विक महामारी कोरोना के सुरक्षा मापदंड के अनुरूप कार्यक्रम के आयोजन का निर्णय लेते हुए आयोजन से संबंधित विभिन्न समितियों का गठन किया गया। बैठक में लिए गये निर्णयों की जानकारी देते हुए संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि आम सभा की बैठक में आगामी 28, 29 एवं 30 नवंबर को तीन दिवसीय मिथिला विभूति पर्व समारोह का आयोजन कोरोना महामारी के सुरक्षा मापदंडों के अनुरूप आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
समारोह का संरक्षक एमएलएसएम कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ विद्यानाथ झा, महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन हीरा कुमार झा एवं डॉ. एस एन झा को बनाया गया। आयोजन समिति के मुख्य सलाहकार पं कमला कांत झा एवं स्वागताध्यक्ष विष्णुदेव ठाकुर बनाये गये। जबकि स्वागत महासचिव एवं कोषाध्यक्ष का भार क्रमशः प्रो. जीवकांत मिश्र व डॉ गणेश कांत झा को सौंपा गया। संस्थान की मुख पत्रिका अर्पण के संपादक की कमान एक बार फिर साहित्यकार डॉ महेद्र नारायण राम को दी गई। जबकि कवि सम्मेलन के प्रभारी वरिष्ठ कवि हरिश्चंद्र हरित बनाये गये। अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का प्रभारी वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा को बनाया गया। शोभा यात्रा का प्रभार विनोद कुमार झा एवं प्रो विजय कांत झा को संयुक्त रूप से दिया गया।
जबकि समारोह में दिये जाने वाले विभिन्न सम्मानों के लिए पं कमला कांत झा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। इस कमेटी में बतौर सदस्य एमएलएसएम कालेज के प्रधानाचार्य डॉ विद्यानाथ झा, डॉ महेन्द्र नारायण राम एवं प्रो जीवकांत मिश्र शामिल किए गये। सांस्कृतिक आयोजन के लिए पं कमला कांत झा के संयोजन में प्रो जीवकांत मिश्र, प्रो विजय कांत झा एवं प्रो चन्द्रनाथ मिश्र की समिति गठित की गई।
मीडिया संयोजक एवं कार्यालय सचिव का प्रभार प्रवीण कुमार झा को दिया गया। प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाई एवं आशीष चौधरी को इस कार्य में सहयोगी के रूप में जवाबदेही दी गई। अतिथियों के भोजन सामग्री के व्यवस्थापन के लिए सर्वसम्मति से चौधरी बैद्यनाथ राय के नाम पर मुहर लगाई गई। इससे पूर्व जीआई टैगिंग के तहत मिथिला के मखाना की ब्रांडिंग बिहार के नाम से किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसकी ब्रांडिंग मिथिला मखाना के रूप में किए जाने के मामले पर सघन अध्ययन कर संस्थान का पक्ष तैयार करने के लिए डॉ अनिल कुमार झा, डॉ विद्यानाथ झा एवं प्रवीण कुमार झा की तीन सदस्यीय समिति बनाई गई। कार्यक्रम के अंत में कवि प्रो राम उदिष्ट राय व्याधाजी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
August 21, 2020
21.08.2020 (दरभंगा) : आयुक्त के सचिव, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा दुर्गानंद झा ने आयुक्त न्यायालय, दरभंगा में 25 अगस्त से कार्य प्रारंभ होने को लेकर पत्र जारी करते हुए कहा है कि कोविड-19 के संक्रमण के फैलाव को रोकने हेतु बिहार में पूर्ण लॉकडाउन के प्रभावी हो जाने के कारण आयुक्त न्यायालय, दरभंगा से संबंधित कार्य को स्थगित किया गया था, परंतु वर्तमान में व्यवहार न्यायालय, दरभंगा में न्यायालय संबंधी कार्य के प्रारम्भ हो जाने के कारण लोकहित में समाजिक दूरी का पालन करते हुए पूर्व से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक-25.08.2020 (मंगलवार) से आयुक्त न्यायालय, दरभंगा से संबंधित कार्य को प्रारम्भ करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा है कि आयुक्त न्यायालय, दरभंगा के कक्ष में आने के क्रम में सभी विद्वान अधिवक्ता एवं पक्षकार को मास्क लगाना अनिवार्य होगा।