April 01, 2021
01.04.2021 (दरभंगा) : सांसद गोपाल जी ठाकुर ने दिल्ली में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव अमित खरे के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि बैठक में आकशवाणी दरभंगा के जीर्णोद्धार एवं उससे जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने बैठक में 26 मार्च 2021 को आकाशवाणी दरभंगा के हुए निरीक्षण एवं समीक्षात्मक बैठक के क्रम में 10 किलोवाट एफएम चैनल हेतु प्रस्ताव भेजने सहित दिए गए अन्य आवश्यक निर्देशों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी दरभंगा के परिसर की भूमि काफी नीचे है, लो लैंड होने के कारण कम बारिश होने पर भी पूरे परिसर में पानी जमा हो जाता है जिससे काफी परेशानी होती है, इसके निदान हेतु मिट्टी भराई का कार्य अविलम्ब किये जाने हेतु कहा। सांसद ने कहा कि आकाशवाणी दरभंगा की स्थापना वर्ष 1976 में हुई थी, लंबी अवधि बीत जाने के कारण भवन की स्थिति जर्जर हो गयी है और आधारभूत संरचना रेडियो स्टेशन के अनुरुप नहीं हैं। इसके लिए आकाशवाणी दरभंगा के परिसर की नए आधारभूत संरचना के साथ- साथ अन्य जरूरी निर्माण कार्य किये जाने की आवश्यकता है ताकि दरभंगा आकाशवाणी का समुचित विकास हो सके।
जन भावना को ध्यान में रखते हुए आकाशवाणी दरभंगा से सभी कार्यक्रमों का प्रसारण मैथिली में किये जाने की बात कही ताकि मैथिली के साथ साथ मिथिला की प्राचीन संस्कृति को वैश्विक एवं राष्ट्रीय स्तर और अधिक पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मन की बात कार्यक्रम का मैथिली अनुवाद आकशवाणी दरभंगा से ही होता है और वर्तमान में लगभग 8 करोड़ लोग मैथिली भाषा बोलते है, जो की कई राज्यों की कुल आबादी से अधिक है। उन्होंने कहा कि मैथिली भाषा भारतीय संविधान के अष्टम अनुसूची में शामिल है, और स्थानीय पाठ्यक्रम के साथ-साथ सीबीएसई, यूपीएससी, बीपीएससी में मैथिली का अध्ययन कर छात्र व युवा सफल हो रहे है, इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में लायी गयी नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में भी क्षेत्रीय भाषा (स्थानीय मातृभाषा) को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया गया है।
विदित हो कि 24 मार्च 2021 को सदन के माध्यम से सांसद ने आकशवाणी दरभंगा के जीर्णोद्धार किये जाने हेतु केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावेड़कर से आग्रह किया था। इस क्रम में लो लैंड की भराई, प्रसारण के गुणवत्ता में सुधार हेतु बीस किलोवाट की जगह एक सौ किलोवाट क्षमता वाले ट्रांसमीटर स्थापित करने, प्रादेशिक समाचार एकांश शुरू करने, आकशवाणी दरभंगा से सभी कार्यक्रमों का प्रसारण मैथिली में किये जाने और पदाधिकारियों व कर्मचारियों के सभी खाली पदों पर नियुक्ति करने का मंत्री से आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि संस्थान के जीर्णोद्धार सहित 100 किलोवाट क्षमता वाले ट्रांसमीटर एवं 10 किलोवाट एफएम चैनल, को स्थापित किये जाने हेतु विभागीय कार्य शुरू हो गया है। जल्द ही सभी कार्य पूर्ण होंगे और मैथिली में प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों की संख्या भी बढ़ेगी। सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि संचार के क्षेत्र में आकाशवाणी का अपना एक महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और विभागीय मंत्री प्रकाश जावेड़कर जी के कुशल नेतृत्व में आकशवाणी दरभंगा का सर्वांगीण विकास होगा।
April 01, 2021

01.04.2021 (दरभंगा) : दरभंगा हवाई अड्डा पर डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में हवाई अड्डा को विकसित करने हेतु किये जाने वाले कार्य को लेकर बिन्दुवार प्रगति की समीक्षा की गयी। बैठक में दरभंगा के रेंज ऑफिसर ने बताया कि हवाई अड्डा के बाहर करीब 200-250 नील गाय हैं, जिन्हें हटाने के लिए प्रस्ताव दिया गया था, जो स्वीकृत हो गया है और उसके कुछ अंश का आवंटन प्राप्त हुआ है, जिससे वांछित सामान का क्रय किया गया है।
डीएम ने कहा कि जब प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है, तो पूर्ण आवश्यक सामग्री के लिए निविदा कर ली जाए तथा कार्य एजेंसी का चयन कर लिया जाए। ताकि जल्द से जल्द कार्य सम्पन्न हो सके। बैठक में बताया गया कि यदि यह काम जून 2021 तक सम्पन्न नहीं हुआ तो पुनः बरसात की शुरूआत होने पर उस क्षेत्र में पानी भर जाएगा और यह कार्य इस वर्ष पूरा नहीं हो सकेगा। डीएम ने चेतावनी देते हुए रेंज ऑफिसर से कहा की वन विभाग के द्वारा हर-हाल में 15 मई 2021 से पहले नील गाय एवं अन्य जंगली जानवर अन्यत्र शिफ्ट हो जाना चाहिए। बैठक में एयर फोर्स के विंग कमाण्डर एम. भारद्वाज ने बताया कि हवाई अड्डा की चाहरदीवारी सड़क से कम से कम तीन मीटर ऊँची होनी चाहिए और उसके ऊपर व्यू कट्टर आवश्यक है।
वर्तमान में बना हुआ चाहरदीवारी 3 मीटर का है, जो सड़क के लेवल तक है, इसलिए लगभग 6.2 मीटर की चाहरदीवारी एक किलोमीटर तक वांछित है। तार का घेरा (फेंसिंग) का प्रस्ताव विभाग को स्वीकृति हेतु भेजा गया है। भूमि अधिग्रहण की समीक्षा के क्रम में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, दरभंगा ने बताया कि पूर्व में 24 एकड़ से 44 एकड़ भूमि के प्रस्ताव को बढ़ाकर 31 एकड़ से 44 एकड़ तक किया गया है। जमीन बढ़ाने की वजह में बताया गया कि पहले हवाई अड्डा पर 04 एप्रोन प्रस्तावित था, जिसे बढ़ाकर 07 से 08 एप्रोन कर दिया गया है। बैठक में बताया गया कि अधिकतर जमीन बासुदेवपुर मौजा में पड़ता है। विंग कमाण्डर ने बताया कि मखाना अनुसंधान केन्द्र की जमीन यू हीं पड़ी हुई है, जिसका उपयोग सी.आई.एस.एफ. ऑफिस एवं अन्य ऑफिस के लिए किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डा के समीप के सड़क पर अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है, जिसे हटाने की जरूरत है।
डीएम ने बैठक में उपस्थित नगर पुलिस अधीक्षक को अतिक्रमण हटावने के निर्देश दिये। उन्होंने डी.सी.एल.आर. सदर को भी कार्यपालक दण्डाधिकारी प्रतिनियुक्त कर सड़क के किनारे के अतिक्रमण को हटवाने का निर्देश दिये। हवाई अड्डा के निदेशक बिपलब कुमार मंडल ने अनुरोध किया कि वर्तमान प्रवेश द्वार से हवाई अड्डा के टर्मिनल तक आने वाली सड़क के दोनों ओर तथा प्रवेश द्वार के पास पुलिया पर यदि फाइवर का शेड बनवा दिया जाए तो यात्रियों को गर्मी एवं बरसात में सुविधा होगी। डीएम ने कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, दरभंगा को मुख्य द्वार के आगे पुलिया पर फाइबर शेड का निर्माण तथा मुख्य द्वार से हवाई अड्डा के टर्मिनल तक आने वाले रास्ता के दोनों ओर 03-03 फीट में फेवर ब्लॉक बिछाकर फाइबर शेड बनवाने का प्राक्कलन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।डीएम ने मुख्य प्रवेश द्वार के समीप सिंगल एल.ई.डी. विद्युत लाइट लगवाने के भी निर्देश दिये, ताकि आस-पास के सड़कों पर प्रकाश रहे।
बैठक में दिल्ली मोड़ से हवाई अड्डा गेट तक फुटपाथ बनवाने तथा आस-पास के बुचर खाना को हटवाने के सुझाव दिए गए। बताया गया कि बुचर खाना रहने से मांसाहारी पक्षी आकर्षित होकर हवाई अड्डा के क्षेत्र में आ सकते हैं, जो सुरक्षा के दृष्टिकोण से उचित नहीं है। बैठक के उपरांत डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ मखाना अनुसंधान केन्द्र, दरभंगा तथा एन.एच. - 57 के पास रानीपुर गाँव के समीप अधिग्रहण की जाने वाली जमीन का अवलोकन किया तथा एयरपोर्ट के पदाधिकारियों से इस संबंध में विचार-विमर्श किया। उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक, दरभंगा को कहा कि हवाई अड्डा के लिए थाना का संस्थापन के लिए रानीपुर का स्थान बेहतर रहेगा।
March 28, 2021

26.03.2021 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में होली एवं शब-ए-बरात पर्व शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम एवं एसएसपी बाबूराम की संयुक्त अध्यक्षता में विधि व्यवस्था की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी आला अधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ साथ सभी अंचलों के अंचलाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी थानाध्यक्ष ऑनलाइन उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए डीएम श्री त्यागराजन ने कहा कि इस वर्ष होलिका दहन और शब-ए-बरात एक ही दिन है। रात्रि में मुस्लिम समुदाय के लोग कब्रिस्तान जाते हैं और इबादत करते हैं, इस वर्ष इसी दिन रात्रि में होलिका दहन भी है। वैसे कब्रगाह, जिस के समीप होलिका दहन किया जाता है, वहां पर रात में प्रशासनिक उपस्थिति अनिवार्य होगी और प्रशासन को पूरी रात मुस्तैद रहना होगा।
होली के अवसर पर डीजे और नशा की समस्या रहती है। माननीय उच्च न्यायालय द्वारा भी डीजे को प्रतिबंधित किया गया है। अक्सर देखा जाता है कि होली के दौरान दूसरे समुदाय के लोगों पर या धार्मिक स्थलों पर रंग फेंकने के कारण विवाद उत्पन्न हो जाता है। जहाँ कहीं भी पूर्व में किसी भी त्योहार के अवसर पर विवाद हुआ है। वहाँ विशेष नजर रखनी होगी तथा वहाँ पूर्व में ही निरोधात्मक कार्रवाई करनी होगी। यदि कहीं से किसी घटना की सूचना किसी पदाधिकारी को मिलती है तो वे अपने वरीय पदाधिकारी को सूचित करते हुए स्वयं उस स्थल को मार्च करें। यदि कहीं भी विवाद होने की संभावना प्रतीत होती है, तो पूर्व में ही संदिग्ध लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने ऑनलाइन उपस्थित सभी अंचलाधिकारी को आगजनी की घटना में निर्धारित मानक प्रक्रिया के अनुसार तुरंत मुआवजा एवं पॉलीथिन शीट्स उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, तथा किसी भी स्थिति में कागजी कार्रवाई पूरी होने के नाम पर विलंब न करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी बाबू राम ने कहा कि होली के अवसर पर कोई पुलिस पदाधिकारी, मुंशी यहाँ तक कि चौकीदार भी वर्दी में होली नहीं खेलेंगे। सभी अपनी वर्दी में ड्यूटी पर रहेंगे। सभी प्रकार की छुट्टी रद्द कर दी गई है यदि पूर्व से ही किसी ने छुट्टी ले रखी है तो भी छुट्टी के लिए प्रस्थान न करेंगे।यदि कोई प्रस्थान करता है तो कार्रवाई होगी। उन्होंने होलिका दहन के अवसर पर फायर बिग्रेड को सचेत रहने तथा पुलिस पदाधिकारियों को रात्रि ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी डीजे नहीं बजेगा यदि कहीं बजता है तो उसे जब्त करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाए। प्राथमिकी दर्ज न करने वाले पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शराब माफिया एवं दबंग व्यक्ति के विरुद्ध धारा-107 की कार्रवाई की जाए। जिनके नाम गुंडा पंजी में दर्ज है उनको थाना में परेड कराया जाए। सरकार के आदेश के अनुसार कोरोना के संक्रमण को लेकर अनुसार कहीं भी होली मिलन समारोह का आयोजन नहीं होगा। होली के अवसर पर लोग पूर्व के विवाद का भी बदला लेने का प्रयास करते हैं। शराब चुलाई वाले स्थानों की सूची के अनुसार संबंधित स्थलों पर कार्रवाई की जाए।
डीएम ने उत्पाद अधीक्षक को होली के अवसर पर अलग अलग टीम बनाकर छापेमारी करने के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित विभिन्न अंचलाधिकारियों को खासकर जाले, सिंहवाड़ा, केवटी, सदर एवं मनीगाछी को पूर्व के विवादित स्थलों पर विशेष नजर रखने तथा पूर्व में ही निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अंचलाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष को प्रत्येक शनिवार को तथा अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक को प्रत्येक पखवाड़ा में भूमि विवाद निपटारा हेतु बैठक करने के निर्देश दिए। साथ ही भूमि विवाद के गंभीर मामलों की समीक्षा एसडीओ एवं डीएसपी को स्वयं करने के निर्देश दिए।
March 11, 2021
10.03.2021 (दरभंगा) : संयुक्त श्रम भवन, रामनगर आई.टी.आई के निकट अवस्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा के कार्यालय परिसर में 12 मार्च 2021 को एक दिवसीय जॉब कैंप का ऑनलाइन आयोजन किया गया है। इस जॉब कैंप में 2COMS CONSULTING Pvt Ltd KOLKATA द्वारा आंध्रप्रदेश के श्री सिटी हेतु एसेम्बलर के पद पर सिर्फ स्वस्थ एवं अविवाहित महिला आवेदकों का चयन किया जाएगा। इस पद हेतु योग्यता 10वीं पास होनी चाहिए। इस जॉब कैंप में 300 पदों हेतु कंपनी द्वारा ऑनलाइन साक्षात्कार का आयोजन इसी कार्यालय में किया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को 8 घंटे के कार्य हेतु लगभग 9000 से 12000 रुपये पारिश्रमिक तथा अतिरिक्त कार्य हेतु नियमानुसार अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। जॉब कैंप में भाग लेने के लिए सभी योग्यताधारी अभ्यर्थी जिनकी न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 26 वर्ष होगी, वे योग्य होंगे। आवेदकों को कंपनी द्वारा प्रतिमाह न्यूनतम दर पर खाने की सुविधा के साथ-साथ रहने की व्यवस्था हेतु कोई शुल्क भुगतान नहीं करना पड़ेगा। नियोजन कैंप में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का Ncs Portal पर निबंधन होना अनिवार्य हैं।
March 11, 2021
10.03.2021 (दरभंगा) : अपराधियों द्वारा फल व्यापारी दीपू साह की गोली मारकर हत्या के विरोध में चैम्बर ऑफ कॉमर्स, फल- सब्जी विक्रेता संघ एवं अन्य व्यवसाई संगठनों के आह्वान पर आज दरभंगा लहेरिया सराय पूर्ण रूप से बन्द रहा। दरभंगा टावर पर व्यापारियों ने धरना भी दिया। जिसमें चैम्बर के अध्यक्ष पवन कुमार सुरेका प्रधान सचिव सुशील जैन, मुकेश खेतान, राजेश पूर्वे, आशीष सराफ भी सम्मलित थे। व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल चैम्बर के अध्यक्ष पवन कुमार सुरेका के नेतृत्व में स्थानीय एसएसपी बाबू राम से मिला एवं एक स्मारपत्र के माध्यम से इस घटना की ओर उनका ध्यान आकृष्ट किया। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि घटना से मात्र 100 गज की दूरी पर ही थाना है, परन्तु थाना बिल्कुल निष्क्रिय है, अतः इसे चुस्त दुरुस्त करना होगा। एसएसपी ने बताया कि इस घटना के पीछे पांच आदमी का हाथ रहा है। जिसमें कई की पहचान कर ली गई है। उनके यहां छापा मारी कर पकड़े जाने की कार्यवाही की जा रही है। वर्तमान में कुछ पुलिस पदाधिकारियों की कमी की वजह से थाने में पोस्टिंग नही हो पा रही है, जिसे यथाशीघ्र दूर किया जा रहा है। प्रतिनिधि मंडल में राज कुमार साह, अध्यक्ष, फल विक्रेता संघ, चैम्बर के प्रधान सचिव सुशील जैन, मुकेश खेतान, शत्रुघन पंजियार, राजेश पूर्वे, आशीष सराफ सम्मलित थे।