July 10, 2021

10.07.2021 (दरभंगा) : विश्वविद्यालय समाजशास्त्र विभाग के तत्वावधान में गत 15 जून से संचालित स्नातक प्रथम खंड समाजशास्त्र प्रतिष्ठा के आनलाईन वर्गों का आज सायंकाल समारोहपूर्वक आनलाईन समापन हुआ। समारोह के अध्यक्षीय आसन से उदगार व्यक्त करते हुए प्रति कुलपति प्रोo डाॅली सिन्हा ने कहा कि कोरोना महामारी और शिक्षकों की कमी का मजबूत विकल्प आनलाईन अध्यापन है। डिजिटल माध्यम एक शक्तिशाली प्लेटफार्म है जिसका सार्थक विनियोग अध्यापन में किया जाना चाहिए। अध्यापन एक निरंतर प्रक्रिया है जिसमें तकनीकी प्रयोग से गुणात्मक विकास संभव है। उन्होंने आगे कहा कि केन्द्रीयकृत ऑनलाइन अध्यापन की शुरुआत तो भौतिकी से हुई, पर ट्राफी समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो गोपी रमण प्रसाद सिंह ले रहे हैं। प्रो सिन्हा ने इस आनलाईन अध्यापन में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के मुख्य अतिथि भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय, मधेपुरा के समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो मनोरंजन प्रसाद ने वैश्विक महामारी कोरोना के दौर में ऑनलाइन अध्यापन को ऐतिहासिक बताया तथा अन्य विश्वविद्यालयों को इससे सीख लेने की नसीहत दी।
प्रो प्रसाद ने भावप्रवण होकर अपने दरभंगा के छात्र जीवन और अपने पिता पूर्व अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो आर सी प्रसाद का स्मरण किया। विशिष्ट अतिथि सी. एम. कालेज, दरभंगा के प्रधानाचार्य और प्रसिद्ध समाजशास्त्री प्रो विश्वनाथ झा ऑनलाइन वर्ग की चर्चा करते हुए इस आषाढ मास में महाकवि कालिदास के मेघदूत से तुलना की। प्रो झा ने इस तकनीकी युग में सभी छात्र छात्राओं के लिए कम्प्यूटर सर्टिफिकेट कोर्स को अनिवार्य किए जाने पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि विकास पदाधिकारी प्रोफ़ेसर के के साहु ने इस अवसर पर उदगार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रति कुलपति प्रो डाॅली सिन्हा ने ऑनलाइन अध्यापन का बीज वपन किया जो अब फलदार वृक्ष हो गया है।
विशिष्ट अतिथि प्रो चन्द्र भानु प्रसाद सिंह ने इस अवसर पर सुझाव दिया कि ऑनलाइन अध्यापन का दस्तावेजीकरण होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शायद बिहार का इकलौता विश्वविद्यालय है जिसने स्नातकस्तरीय वर्गों के लिए केंद्रीकृत ऑनलाइन अध्यापन का ऐतिहासिक कार्य किया है। समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष - सह -समाज विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रोफ़ेसर गोपी रमण प्रसाद सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि स्नातक प्रथम खंड समाजशास्त्र प्रतिष्ठा के कुल छियालीस वर्ग हुए जिनका संचालन विश्वविद्यालय समाजशास्त्र विभाग सहित पन्द्रह महाविद्यालयों के बाईस शिक्षकों के सहयोग से किया गया।प्रो सिंह ने सूचित किया कि आगामी 19 जुलाई से स्नातक द्वितीय खंड समाजशास्त्र प्रतिष्ठा के केन्द्रीयकृत ऑनलाइन वर्ग संचालित होंगे। एम. आर. एम. कालेज, दरभंगा की समाजशास्त्र विभागाध्यक्षा डा पुतुल सिंह ने आगत अतिथियों समेत पूरे समाजशास्त्र परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। विश्वविद्यालय समाजशास्त्र विभाग की सहायक प्राचार्य डा सारिका पांडेय ने कार्यक्रम का संचालन किया। गणेश पासवान ने तकनीकी सहयोग दिया।
July 10, 2021

10.07.2021 (पटना) : द्वितीय अपीलीय प्राधिकार -सह- जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह द्वारा लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से द्वितीय अपील के 20 मामलों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी द्वारा परिवादी एवं लोक प्राधिकार के पक्षों की सुनवाई कर न्याय संगत आदेश पारित किया गया। आज की सुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुक के आवास का निर्माण, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत निर्मित शौचालय की राशि का भुगतान, अतिक्रमण संबंधी मामले, विद्युत विपत्र का नियमानुकूल भुगतान आदि की सुनवाई कर आदेश पारित किए गए। जिलाधिकारी ने सभी लोक प्राधिकार को जनता की शिकायतों के प्रति गंभीर होने तथा समस्या /शिकायत का एक्ट के अनुरूप वास्तविक निवारण करने का निर्देश दिया।
July 10, 2021

09.07.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम ने हेलीकॉप्टर से दरभंगा जिला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र केवटी, बेनीपुर, कुशेश्वरस्थान, हायाघाट, हनुमाननगर प्रखण्ड का हवाई सर्वेक्षण किया गया। जिसमें केवटी- असराहा क्षेत्र के 09 पंचायत, कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखण्ड के सभी पंचायत, कुशेश्वरस्थान पश्चिमी प्रखण्ड व हायाघाट प्रखण्ड के कुछ हिस्से एवं हनुमाननगर प्रखण्ड का पूरा हिस्सा बाढ़ प्रभावित पाया गया। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के फसल क्षति का सही आकलन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिया है।
साथ ही सभी संबंधित प्रखण्डों/अंचलों के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को निष्क्रमित आबादी के बीच आवश्यकतानुसार पॉलीथिन सीट्स व राहत सामग्री का वितरण करने नाव व सामुदायिक किचेन चलवाने का निर्देश दिया है। हवाई सर्वेक्षण के उपरांत डीएम ने अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी व अंचलाधिकारी केवटी के साथ केवटी अंचल के ख़िरमा, लदारी, शेखपुरदानी व पिंडारुच सहित कई बाढ़ प्रभावित पंचायतों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने अंचलाधिकारी, केवटी को निष्क्रमित आबादी के लिए सामुदायिक किचन चलवाने को कहा तथा निष्क्रमित आबादी के बीच आवश्यकतानुसार पॉलिथीन सीट का वितरण करवाने का निर्देश दिया। डीएम द्वारा केवटी के एक सामुदायिक रसोई (किचन) का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ बाढ़ प्रभावित परिवारों को चावल, दाल और सोयाबीन-आलू की सब्जी दिया जा रहा था। उन्होंने वहाँ उपस्थित ग्रामीणों से मिलकर उनसे सामुदायिक किचेन व बाढ़ राहत कार्य का फीडबैक भी लिया गया।
July 10, 2021

01.07.2021 (दरभंगा) : आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल - सह- अध्यक्ष क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार, दरभंगा मनीष कुमार, की अध्यक्षता में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार की बैठक आयुक्त कार्यालय के सभागार में की गई। बैठक में क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव -सह -आयुक्त के सचिव दुर्गानंद झा ने नए परमिट के लिए दिए गए आवेदनों को एक-एक करके प्राधिकार के समक्ष पूरे विवरण के साथ रखा। बैठक में 65 नए वाहन परमिट की स्वीकृति प्रदान की गई। कई परमिट में दूसरे वाहन मालिक द्वारा दिए गए आपत्ति के कारण उसे विचारार्थ रख लिया गया तथा आवेदक को परिचालन समय परिवर्तित कर आवेदन करने का निर्देश दिया गया। उल्लेखनीय है कि एक ही रूट के दो बसों में खुलने का यानी परिचालन समय में कम से कम 02 मिनट का अंतर होना चाहिए। बैठक में एक एजेंट लाइसेंस तथा चार वाहन परमिट का नवीकरण किया गया। बैठक में आयुक्त ने कहा कि दरभंगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने जा रहा है। यहां से नेपाल एवं पश्चिम बंगाल के कई जिले के लोग हवाई मार्ग से यात्रा कर रहे हैं। साथ ही पूर्वांचल एवं तिरहुत क्षेत्र के लोगों का भी हवाई यात्रा दरभंगा से ही किया जा रहा है। इसलिए 500 नए रूटों को चिन्हित किया जाए जिनमें अंतर्देशीय, अंतर राज्यीय, अंतर जिला के रूट शामिल रहेंगे। वाहन परमिट आवेदन पर आपत्ति करने वाले की अनुपस्थिति के विरुद्ध आयुक्त द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी के द्वारा किसी परमिट के आवेदन पर आपत्ति दर्ज की जाती है, तो उसे स्वयं या उसके प्रतिनिधि का बैठक में उपस्थित रहना अनिवार्य है। इसकी पुनरावृति दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अनुपस्थिति आपत्तिकर्ताओं से स्पष्टीकरण की मांग करने का निदेश दिया है।
June 24, 2021

23.06.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में टीकाकरण में तेजी लाने को लेकर शहरी क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख धर्म के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों व शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की गई। बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि इस बैठक को बुलाने का मकसद यही है कि टीकाकरण कार्य में तेजी लाई जाए। पूरे देश में टीकाकरण कार्य में तेजी लाया जा रहा है। बिहार में भी 6 माह में 6 करोड़ वयस्कों का टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दरभंगा जिले में भी इस लक्ष्य के अनुसार लगभग 26 लाख लोगों का टिकाकरण किया जाना है। बिहार सरकार के लगभग सभी विभाग इसमें अपना सहयोग प्रदान कर रहा है। बिहार में अब तक 14 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि हम सभी कोरोना महामारी की दूसरी लहर के प्रभाव को देख चुके हैं।
कितनी जाने चली गई, कहीं कहीं शव जलाने की जगह भी नहीं मिलती थी। मृतक के परिजन लाश छोड़ कर चले जाते थे। संक्रमण से ग्रसित लोग जिंदगी और मौत के लिए संघर्ष करते थे। अनेक प्रयासों के उपरांत इस लहर से हम बाहर निकले हैं। लेकिन, खतरा अभी टला नहीं है। विश्व भर के विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर अक्टूबर नवंबर तक आएगी। इस पर गंभीरता से सोचना होगा। आज की तिथि में टीकाकरण के अलावा इस महामारी से बचने का दूसरा कोई रास्ता नहीं है। इसलिए तीसरी लहर से जिले को बचाने के लिए सबको टीका दिलवाना जरूरी है। दरभंगा जिले में लोग पूरे उत्साह के साथ टीकाकरण करवा रहे हैं। लेकिन, कहीं-कहीं अफवाह फैलाई जा रही है, जो बिल्कुल गलत है। यह देखा गया है कि जिन लोगों ने टीका का दोनों डोज लिया था। उनमें से बहुत कम लोग ही कोरोना की दूसरी लहर में कोरोना संक्रमित हुए और संक्रमित हुए भी तो, जल्द ही ठीक हो गए। टीका लेने के बाद यदि कोरोना का संक्रमण होता भी है तो, परिणाम उतना गंभीर नहीं होता है। जितना कि टीका नहीं लेने वालों का होता है।
यदि आप टीका लेते हैं, तो स्वयं को, अपने परिवार को, अपने समाज को एवं अपने देश को सुरक्षित रखते हैं और कोरोना का चैन तोड़ने में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने बैठक में उपस्थित लोगों से कहा कि आपके सहयोग से विगत 20 दिनों से जिले में टीकाकरण की गति में काफी प्रगति हुई है। को-वैक्सीन और कोविशिल्ड दोनों में से टीकाकरण केंद्र पर जो वैक्सीन उपलब्ध हो, उसे लें। बैठक में डीएम द्वारा बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय आवागमन के लिए विश्व के किसी देश द्वारा किसी टीका के संदर्भ में कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है। यह किसी टीका के संदर्भ में एक अफवाह है। जो टीका नहीं लगवा रहे हैं वह समाज के लिए भी खतरा उत्पन्न कर रहे हैं। एक व्यक्ति के कारण कई व्यक्ति संक्रमित होंगे। बैठक में धर्म-प्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों के लोगों ने कहा कि वे अपने-अपने लोगों की छोटी-छोटी टोलियां बनाकर अपने लोगों को टीका लेने के लिए जागरूक करेंगे।
चर्च के सचिव ने कहा कि जीवन या मौत में से यदि जीवन को चुनना है तो कोरोना का टीका लगवाना पड़ेगा। अफवाह वहीं फैलता है जहाँ शिक्षा की कमी होती है। कई धर्म प्रतिनिधियों ने कहा कि जहां के लोगों में भ्रम है वहां के लोगों को समझा कर टीकाकरण केंद्रों तक पहुंचाया जाए। क्योंकि यदि आपके मोहल्ले में एक व्यक्ति को कोरोना होता है तो, वहां के अनेक परिवार प्रभावित होंगे। बैठक में बताया गया कि जिन्हें कोविड हो चुका है वे एक-दो माह बाद टीका ले सकते हैं। डीएम ने कहा कि कोरोना एक ऐसी बीमारी है जिस पर किसी का वश नहीं चलता। इसका एकमात्र उपाय बचाव ही है और इसके लिए सामाजिक दूरी, मास्क का प्रयोग, बार-बार हाथ धोना और टीका लगवाना जरूरी है।
बैठक में बताया गया कि एक दिन पूर्व रात्रि में अगले दिन के टीकाकरण के लिए टीकाकरण केंद्रों की सूची जिला प्रशासन दरभंगा के फेसबुक, ट्विटर एवं वेब पोर्टल पर जारी कर दी जाती है। फेसबुक पर DM Darbhanga खोल कर अपने समीप के टीकाकरण केंद्र की जानकारी ली जा सकती है। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, सदर राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि 29 जून तक का टीकाकरण कार्यक्रम प्राप्त हो चुका है। शहरी क्षेत्र में पूर्वाह्न 9:30 बजे से रात्रि 7:00 बजे तक टीकाकरण किया जाता है। टीकाकरण केंद्र पर खाना खाकर एवं अपना आधार लेकर ही जाएं।