August 18, 2021

18.08.2021 (दरभंगा) : वनस्पति विभाग में बाटनी और बायोटेक्नोलॉजी के PAT 2020 शोध छात्रों के लिए इंटरैक्टिव सेशन वनस्पति विभाग में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के अध्यक्ष डाॅ अभय कुमार ने की। आज के इस कार्यक्रम का उद्देश्य नये शोध छात्रों को कोर्स वर्क वर्ग समाप्ति के बाद प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा परीक्षा की तैयारी करना था। इस कार्यक्रम में बाटनी के 6 तथा बायोटेक्नॉलॉजी के 5 स्कालरों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान रिसर्च की कई समस्याओं पर विचार आया। जिसमें मुख्य रूप से प्रयोगशाला के उच्च उपकरण तथा रसायन की कमी की बात आयी, जिसके लिए आस पास के रिसर्च सेंटर जैसे मखाना रिसर्च सेंटर, लीची अनुसंधान केंद्र, मुज़फ़्फ़रपुर, राजेंद्र ऐग्रिकल्चर यूनिवर्सिटी, पूसा, नैनोटेक्नॉलजी के लिए स्नातकोत्तर रसायन विभाग आदि से सहयोग या एम॰ओ॰यू॰ बनाने की बात आयी। शोध मार्गदर्शक की तरह उनके शोध के क्षेत्र के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई ताकि शोधार्थी उनसे सम्पर्क कर सके तथा सिनोपसिस की तैयारी कर सके। सभी शोध छात्र इस कार्यक्रम से लाभालाभान्वित होने पर बहुत खुश थे। उक्त कार्यक्रम में डॉ के॰ के॰ साहु, डॉ राम नरेश झा और गजेंद्र प्रसाद ने अपने अपने विचार रखे।
August 18, 2021

17.08.2021 (दरभंगा) : विकास भवन अवस्थित जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, दरभंगा आलोक राज की अध्यक्षता में सभी तकनीकी सहायकों के साथ पंचायती राज विभाग द्वारा क्रियान्वित सभी योजनाओं को लेकर बैठक आयोजित की गयी। बैठक में प्रखण्ड पंचायत पदाधिकारी, केवटी, सिंहवाड़ा एवं तारडीह उपस्थित थे। बैठक में सर्वप्रथम जिला पंचायत राज पदाधिकारी द्वारा जिला में पंचायती राज विभाग द्वारा क्रियान्वित नल-जल योजना की समीक्षा की गयी। समीक्षा क्रम में पाया गया कि वर्तमान में दरभंगा जिला के 49 वार्डों में नल-जल योजना अपूर्ण है, जिन्हें जल्द से जल्द पूर्ण कराकर ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने का निर्देश सभी तकनीकी सहायक को दिया गया। पंचायत सरकार भवन की समीक्षा में पाया गया कि जिला में 26 पंचायत सरकार भवन में काम चल रहा है। शेष 47 पंचायत सरकार भवन के लिए भूमि चिन्हित करने का निर्देश सभी तकनीकी सहायक को दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दरभंगा जिला में कुल 73 पंचायत सरकार भवन बनाया जाना है। बैठक में सभी तकनीकी पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि प्रतिदिन पंचायतों का भ्रमण कर कम से कम 05 वार्डों में नल-जल योजनाओं का अनुश्रवण करना सुनिश्चित करेंगे तथा पानी की आपूर्ति कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी तकनीकी सहायक को पंचायती राज विभाग द्वारा जारी दीर्घकालीन अनुरक्षण नीति का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पंचायती राज विभाग के 15वें वित्त आयोग के बंधी हुई राशि (सशर्त) से ग्राम पंचायत द्वारा जल-जीवन-हरियाली योजना अन्तर्गत सार्वजनिक कुओं का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसके साथ ही सोख्ता का भी निर्माण कराया जाएगा। वर्तमान में जिला में 175 कुओं का जीर्णोद्धार का काम चल रहा है, जिनमें 26 कुओं का जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण करा लिया गया है साथ ही शेष बचे 149 कुओं को भी चिन्हित कर जीर्णोद्धार का कार्य पूर्ण कराने का निर्देश सभी तकनीकी सहायक को दिया गया। सभी तकनीकी सहायक को पंचायती राज विभाग के सभी योजनाओं का सतत अनुश्रवण करते रहने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जिला स्तर पर आई.ओ.टी डिवाइस का डैश बोर्ड लगाया जाएगा, इससे यह पता चलेगा कि कि पंचायत के किस वार्ड में कितना देर तक पानी चला है। आई.ओ.टी डिवाइस लग जाने से जिला स्तर से भी इसका अनुश्रवण किया जा सकेगा।
August 18, 2021

17.08.2021 (दरभंगा) : 16 अगस्त 2021 को मुहर्रम एवं श्रावणी पूजा सहित आगामी त्योहारों के लिए आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में शहरी क्षेत्र के कुछ मंदिरों के खुले रहने की प्राप्त जानकारी पर डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा इसकी जाँच कर सही पाये जाने पर कोविड-19 के लिए जारी गाइड लाइन के उल्लंघन, आपदा प्रबंधन अधिनियम तथा महामारी अधिनियम के उल्लंघन के लिए उक्त अधिनियमों की सुसंगत धाराओं के तहत दोषी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिये गये थे। बैठक में प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक-सह-नगर पुलिस अधीक्षक अशोक प्रसाद द्वारा भी जिले के सभी थानाध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्र अन्तर्गत गश्ती कर इसकी जाँच करने के आदेश दिये गये थे। 16 अगस्त को लहेरियासराय थाना के गश्ती दल को के.एम. टैंक अवस्थित शिव मंदिर एवं नीम चौक अवस्थित शिव मंदिर पर लाउडस्पीकर बजते हुए एवं मंदिर का पट्ट खुला हुआ तथा मंदिर परिसर में 30-35 श्रद्धालुओं की भीड़ पायी गयी। इस संबंध में लहेरियासराय थाना के थानाध्यक्ष ने बताया कि गश्ती दल द्वारा दोनों मंदिर का पट्ट खुला हुआ तथा मंदिर के अन्दर पूजारी द्वारा मंदिर में पूजा अर्चना कराते एवं भीड़ एकत्रित करने तथा मंदिर पर लाउडस्पीकर बजाते पाये जाने के साक्ष्य के आधार पर लहेरियासराय थाना कांड संख्या - 398/21 के तहत के.एम. टैंक अवस्थित शिव मंदिर के व्यवस्थापक-सह-पूजारी बाबा भारती एवं नीम चौक अवस्थित शिव मंदिर के व्यवस्थापक विजय महतो के विरूद्ध भारतीय दण्ड संहिता धारा - 188, 269 एवं 271, लाउडस्पीकर एक्ट की धारा - 09, महामारी एक्ट की धारा - 03 एवं आपदा प्रबंधन एक्ट की धारा - 51 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। वहीं नगर थाना के राजकुमार गंज अवस्थित प्रधान पोखर शिव मंदिर के व्यवस्थापक दिनेश पंडित के विरूद्ध नगर थाना कांड संख्या - 193/21 के तहत भारतीय दण्ड सहिता की धारा - 188/269/271 एवं महामारी एक्ट की धारा - 03 एवं आपदा प्रबंधन एक्ट की धारा - 51 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि गश्ती के दौरान मंदिर का दरवाजा खुला पाया गया तथा पूजा हेतु श्रद्धालुओं को आते जाते पाया गया, जो कोविड-19 के संक्रमण से बचाव व सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का उल्लंघन है। इसलिए उक्त अधिनियमों की सुसंगत धाराओं के तहत मंदिर के व्यवस्थापक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
August 16, 2021

16.08.2021 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में जल-जीवन-हरियाली की योजनाओं की प्रगति एवं जल जीवन-हरियाली पोर्टल पर पूर्ण किए गए योजनाओं की प्रविष्टि की स्थिति की समीक्षा की गई।समीक्षा में सार्वजनिक जल संचयन संरचना यथा-तलाबों, पोखरों, आहरों, पईन का जीर्णोद्धार, जल संचयन संरचनाओं को चिन्हित कर अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई, सार्वजनिक कुओं को चिन्हित कर उनका जीर्णोद्धार, सार्वजनिक कुओं व चापाकल के किनारे सोख्ता का निर्माण, छोटी-छोटी नदियों नालों एवं पहाड़ी क्षेत्रों में जल संग्रहण हेतु चेक डैम का निर्माण, नए जल स्रोतों का सृजन, भवनों में छत वर्षा जल संचयन की संरचना का निर्माण, पौधशाला का सृजन एवं सघन वृक्षारोपण को लेकर समीक्षा की गई। वर्ष 2020-21 में ली गयी व पूर्ण की योजनाओं की जल जीवन हरियाली पोर्टल पर प्रविष्टि के अंतर को 20 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए।
August 16, 2021

16.08.2021 (दरभंगा) : समाहरणालय अवस्थित अंबेडकर सभागार में डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम की अध्यक्षता में मोहर्रम, श्रावणी पूजा जन्माष्टमी एवं अन्य आगामी त्योहारों को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक, महापौर दरभंगा, नगर निगम दरभंगा, नगर आयुक्त,दरभंगा नगर निगम, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक सदर सहित जिला शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। जिला शांति समिति के सदस्यों को गृह विभाग, बिहार सरकार, द्वारा कोविड-19 को लेकर जारी दिशानिर्देश से अवगत कराते हुए बताया गया कि कोरोना संक्रमण से बचाव एवं सुरक्षा को लेकर सभी प्रकार के धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पर प्रतिबंध जारी है। तथा धार्मिक स्थलों को खोलने पर प्रतिबंध भी जारी है। इसलिए मोहर्रम के अवसर पर कोई जुलूस नहीं निकलेगा इस तथ्य से जिला मोहर्रम समिति को ग्रामीण स्तर के अपने कमिटियों को इस तथ्य से अवगत करा देने को कहा गया। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने शहर में कई क्षेत्रों एवं धार्मिक स्थलों के समीप साफ-सफाई करवाने एवं पानी की निकासी करवाने की आवश्यकता बताई। बैठक को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती बैजंती देवी खेड़िया ने आश्वस्त किया कि धार्मिक स्थलों के समीप साफ सफाई करवाई जाएगी तथा जहां प्रकाश की समस्या है वहां प्रकाश की व्यवस्था भी कराई जाएगी। बैठक में कई सदस्यों ने कुछ धार्मिक स्थल खुले रहने की सूचना दी जिसपर डीएम व प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित थानाध्यक्ष को इसकी तहकीकात कर सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी गण एवं जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।