August 23, 2021

23.08.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम द्वारा आज कुशेश्वरस्थान पूर्वी के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया। कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखण्ड के अदलपुर के पास रेलवे बांध, जो चारों तरफ से पानी से घिरा हुआ है, का निरीक्षण उन्होंने उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सिविल सर्जन दरभंगा अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ मोटरबोट से जाकर किया। वहाँ चल रहे सामुदायिक किचेन का निरीक्षण किया गया तथा भोजन कर रहे व्यक्तियों से फीडबैक लिया गया। उन्होंने वहाँ के रसोइयों को कई निर्देश दिए। बांध पर मवेशियों को देखा तथा पशुचारा वितरण का जायजा लिया। बताया गया कि यहां पशु चारा का वितरण करवाया गया है। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारी को एक सौ क्विंटल पशु चारा अगले एक सप्ताह के लिए उपलब्ध करा देने का निर्देश दिया। भ्रमण के क्रम में पूछने पर बताया गया कि यहाँ सभी लोगों को जी.आर की राशि प्राप्त हो गई है। डीएम ने कहा कि यदि कोई छूट गया है, तो पुनः कैंप लगाकर सर्वे करवा लिया जाए तथा उसका नाम जोड़कर उसे जी.आर (सहाय्य अनुदान) की राशि 6000 रुपये तुरंत उपलब्ध करा दिया जाए। उन्होंने अदलपुर रेलवे बांध पर बसे व्यक्तियों के लिए बिजली की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा तथा वहाँ विभिन्न स्थलों पर घूमते पाए गए मवेशियों के लिए पशु शेड का निर्माण करवाने का निर्देश दिया ताकि पशु स्थल पर सुरक्षित रह सकें। वहाँ के लोगों के लिए नाश्ता व भोजन की उचित व्यवस्था करने के निर्देश शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारियों को दिए। कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण के संबंध में बताया गया कि यहां लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। कुछ लोग छूट गए हैं। डीएम ने डी.पी.एम (हेल्थ) को सर्वे करवाकर छूटे हुए व्यक्तियों का शीघ्र टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। तदोपरांत वे कुशेश्वरस्थान पश्चिमी प्रखण्ड कार्यालय में स्थानीय लोगों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर स्थानीय समस्याओं से अवगत हुए। अंचलाधिकारी, कुशेश्वरस्थान पूर्वी तथा अंचलाधिकारी, कुशेश्वरस्थान पश्चिमी के साथ दोनों प्रखंड विकास पदाधिकारी, दोनों प्रखंड के प्रभारी वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल एवं संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। कुशेश्वरस्थान पश्चिमी के प्रखंड कार्यालय के जर्जर भवन को देखकर उन्होंने प्रखंड कार्यालय के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया भूमि की गहराई अधिक पाए जाने पर उन्होंने प्रखंड कार्यालय परिसर की भूमि का प्रस्ताव के साथ नए प्रखण्ड कार्यालय भवन बनवाने का प्रस्ताव अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल को शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
August 23, 2021

23.08.2021 (दरभंगा) : सिंहवाड़ा, बहेड़ी एवं हायाघाट प्रखंड के कोरोना संक्रमण से बचाव व सुरक्षा के लिए प्रथम डोज का टीका ले चुके लाभुकों के लिए दुसरे डोज के टीका के लिए विशेष सुविधा प्रदान करने हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहवाड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहेड़ी तथा हायाघाट प्रखंड के मध्य विद्यालय बालक एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया को विशेष टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। इन प्रखंडों के प्रथम डोज का टीका ले चुके लाभुके जिनको भी दूसरे डोज का टीका लगवाने का समय आ गया है। वे इन टीकाकरण केंद्रों पर जाकर दूसरे डोज का टीका लगवा सकते हैं। विशेष जानकारी के लिए सिंहावड़ा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 9470003231, बहेड़ी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 9470003238, हायघाट के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 9304056178 व दूरभाष न0 06272-280030 पर संपर्क कर सकते हैं।
August 23, 2021

23.08.2021 (दरभंगा) : पंचायत चुनाव, 2021 के लिए आज 12:00 बजे अपराह्न से 03:00 बजे अपराह्न तक दरभंगा के एम.एल. एकेडमी में एक सौ मास्टर प्रशिक्षकों को मतदान से संबंधित संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराते हुए गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में उन्हें मतदान दल/मतदान कर्मी को प्रशिक्षण देने की प्रक्रिया सहित मतगणना पर्यवेक्षक/मतगणना सहायक से संबंधित मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से बताया गया। साथ ही माइक्रो ऑब्जर्वर के कार्य दायित्व, पी.सी.सी.पी, गश्ती दंडाधिकारी दल, सेक्टर पदाधिकारी के कार्य दायित्व से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।
August 23, 2021

22.08.2021 (दरभंगा) : डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम के निर्देश के आलोक में जिला स्वास्थ्य समिति, दरभंगा के द्वारा राजेन्द्र भवन, टाउन हॉल में विशेष कोविड टीकाकरण के साथ-साथ प्रत्येक रविवार को विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर "स्वास्थ्य सेवाएँ आपके द्वार" कार्यक्रम का शुभारम्भ डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. के द्वारा फीता काटकर किया गया। विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर में वाहय् कक्ष का संचालन डॉ. प्रभाष कुमार एवं डॉ. निखिल रंजन एवं डॉ. आयशा जमील के द्वारा किया जा रहा है एवं नेत्र रोग से सम्बन्धित वाह्य कक्ष का संचालन डॉ. प्रार्थना प्रिया एवं नेत्र सहायक श्रीमती सुधा कुमारी के द्वारा किया जा रहा है एवं विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर में गैर संचारी रोग (ब्लड प्रेशर जाँच, ऑक्सीजन जाँच, कैंसर स्कीनिंग में ओरल/स्तन/सर्वाइकल, मधुमेह) का जाँच एवं स्कीनिंग किया जा रहा है। संचारी रोग अन्तर्गत संदेहास्पद यक्ष्मा मरीज का स्कीनिंग, मलेरिया एवं कालाजार का जाँच, पैथोलॉजिकल जाँच सुविधाएँ एवं मरीजों को लिखे दवाओं का वितरण की व्यवस्था भी किया गया है। इस अवसर पर डीएम के द्वारा बताया गया कि प्रत्येक रविवार को यह कार्यकम टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कोविड टीकाकरण हेतु आने वाले लोगों को उक्त चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य जाँच सुविधाएँ दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सभी प्रखण्डों में प्रत्येक माह के द्वितीय शनिवार एवं चतुर्थ शनिवार को टीकाकरण के साथ-साथ "स्वास्थ्य सेवाएँ आपके द्वारा" कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। जिसके अन्तर्गत चिकित्सकीय सेवाएँ एवं स्वास्थ्य जाँच किया जाएगा। जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा,यह दरभंगा जिला द्वारा प्रारम्भ किया हुआ अभिनव प्रयास है। उक्त विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. जय प्रकाश महतो, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्रा, अपर उपाधीक्षक-सह-सहायक अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सत्येन्द्र मिश्रा , गैर संचारी रोग पदाधिकारी, जिला कार्यकम प्रबंधक विशाल कुमार सिंह एवं केयर इण्डिया के कर्मी एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
August 18, 2021

18.08.2021 (दरभंगा) : प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ- 2022 को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार ने 'न्यू इंडिया- 75 कार्यक्रम' की शुरुआत की है। इसमें बिहार राज्य के 75 महाविद्यालयों एवं 75 विद्यालयों को शामिल किया गया है, जिनमें मिथिला विश्वविद्यालय के 11 महाविद्यालय शामिल किए गए हैं। दरभंगा जिला से सी एम कॉलेज, सी एम साइंस कॉलेज, एमएलएसएम कॉलेज, के एस कॉलेज तथा मारवाड़ी कॉलेज का चयन किया गया है। जहां एड्स, यक्ष्मा तथा रक्तदान जागरूकता कार्यक्रम 3 चरणों में अगस्त 2021 से मार्च 2022 तक चलाए जाएंगे, जिसके तहत शॉर्ट वीडियो, कम्पटीशन, पोस्टर मेकिंग तथा स्पीच कम्पटीशन आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस जागरूकता कार्यक्रम की सफलता एवं सुचारु संचालन हेतु दरभंगा जिला में नोडल पदाधिकारी के रूप में सी एम कॉलेज, के डॉ आर एन चौरसिया को नियुक्त किया गया है। डा चौरसिया द्वारा नवगठित दरभंगा जिला स्तरीय कार्यकारी समूह की एक महत्वपूर्ण बैठक रेड रिबन क्लब के विश्वविद्यालय नोडल पदाधिकारी डा विनोद बैठा की अध्यक्षता में ऑनलाइन व ऑफलाइन संपन्न हुई। बैठक में संयोजक डा आर एन चौरसिया, एमएलएसएम कॉलेज के एनएसएस पदाधिकारी डा कालिदास झा, डीएमसीएच रक्त अधिकोष के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा संजीव कुमार, नेहरु युवा केन्द्र, दरभंगा के जिला युवा पदाधिकारी रौशन कुमार, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, दरभंगा के सचिव मनमोहन सरावगी, सी एम कॉलेज के एनएसएस पदाधिकारी द्वैय प्रौ रितिका मौर्या एवं प्रो अखिलेश कुमार राठौर, के एस कॉलेज, लहेरियासराय के एनएसएस पदाधिकारी डा अशोक कुमार सिंह, एनसीसी पदाधिकारी डा शैलेंद्र श्रीवास्तव, संगीत की प्राध्यापिका डा प्रेम कुमारी तथा पियर एजुकेटर सत्यम कुमार आदि ने भाग लिया।
जिला स्तरीय कार्यकारी समूह के संयोजक डा आर एन चौरसिया ने बताया कि 'न्यू इंडिया-75 संकल्पना' के तहत कुशल, पारदर्शी एवं उत्तरदाई शासन हो। इस परिप्रेक्ष्य में किशोर एवं युवाओं के साथ संवाद करना भी शामिल है, ताकि एचआईवी व एड्स संबंधी सुरक्षित व्यवहार, स्वास्थ्य खतरे, सामाजिक कलंक, भेदभाव तथा सहरूगणता आदि को कम किया जाना महत्वपूर्ण है। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के पत्र के आलोक में जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन 12 अगस्त- 2021 से प्रारंभ होकर 30 मार्च, 2022 तक 3 चरणों में संपन्न किया जाना है। प्रत्येक चरण में भाग लेने वाले सभी छात्र- छात्राओं को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे, जबकि तीनों चरणों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागी का चयन कर विश्वविद्यालय स्तर पर तथा अंततः राज्य स्तर पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रथम चरण में प्रतिभागियों का पंजीकरण तथा एचआईवी व एड्स संबंधी 1 मिनट का वीडियो बनाकर भेजना है, जबकि प्रत्येक महाविद्यालय में एक छात्र तथा एक छात्रा को ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। साथ ही पंजीकृत प्रतिभागियों का ऑनलाइन ओरियंटेशन प्रोग्राम होगा, जिसमें रक्तदान,एचआईवी व एड्स, यक्ष्मा तथा रक्तदान आदि से संबंधित पूर्ण व सही जानकारी दी जाएगी। सभी प्रतिभागियों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जोड़कर एक प्लेटफार्म पर लाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक को डा विनोद बैठा, डा आर एन चौरसिया, डा कालिदास झा, डा सतेन्द्र झा, प्रो अखिलेश राठौर, मनमोहन सरावगी तथा डा अशोक कुमार सिंह आदि ने संबोधित किया। बैठक के मुद्दों की विस्तृत जानकारी देते हुए संयोजक डा चौरसिया ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस पदाधिकारी प्रो रितिका मौर्या ने किया।