October 01, 2022

28.09.2022 (दरभंगा) : जिला अभियोजन कार्यालय, दरभंगा द्वारा अपने कन्विक्शन प्रतिवेदन में बताया गया है कि श्री संजीव कुमार सिंह, माननीय विशेष न्यायालय, उत्पाद कोर्ट संख्या - 02, दरभंगा द्वारा 28 सितम्बर 2022 को मनीगाछी थाना काण्ड संख्या - 158/2021, 30 (a) Excise Act के तहत मनीगाछी के नजरा बाबू टोल के दो अभियुक्त यथा - अशोक कुमार सिंह, पिता-हेम नारायण सिंह एवं राजेन्द्र कुमार सिंह, पिता-जय नारायण सिंह को 05-05 वर्ष का कारावास के साथ 01-01 लाख रूपये जुर्माना की सजा दी गयी है। उन्होंने अपने प्रतिवेदन में बताया कि उक्त अभियुक्तों द्वारा जुर्माना की राशि नहीं देने पर अतिरिक्त 06 माह का साधारण कारावास की सजा भुगतना पड़ेगा। इस मुकदमे के अभियोजन पदाधिकारी अपर विशेष लोक अभियोजक, उत्पाद, दरभंगा, संजय कुमार सिंह हैं।
October 01, 2022

27.09.2022 (दरभंगा) : 02 अक्टूबर 2022 को राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती को प्रतिवर्ष की भाँति निरामिष दिवस के रूप में मनाया जाएगा। सरकार द्वारा इस आशय का पत्र जारी किया गया है। उक्त अवसर पर 02 अक्टूबर 2022 को संपूर्ण दरभंगा जिला क्षेत्र में मांस-मछली की बिक्री पर रोक रहेगी। डीएम राजीव रौशन ने नगर आयुक्त, दरभंगा सहित सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को 2 अक्टूबर को अपने-अपने क्षेत्र में मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सभागार में 02 अक्टूबर के 11:00 बजे पूर्वाह्न में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उनकी तस्वीरों पर सभी पदाधिकारी/कर्मियों द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जायेगी। तत्पश्चात् लहेरियासराय टावर अवस्थित राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जायेगा।
September 26, 2022

26.09.2022 (पटना) : डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आगामी त्योहारों के अवसर पर सड़कों की मरम्मति एवं यातायात प्रबंधन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। डीएम द्वारा सभी निर्माण एजेंसियों को पर्व-त्योहार के दौरान सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मती करने तथा यातायात में अवरोधों को दूर करने का निर्देश दिया गया। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि शहरी क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न परियोजनाओं के तहत कराये जा रहे निर्माण कार्य के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों एवं यातायात में अवरोध से दुर्घटना की संभावना और जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। आगामी पर्व-त्योहारों के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों का सपरिवार आवागमन होता है। अतः क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति और यातायात प्रबंधन अत्यावश्यक है। डीएम डॉ सिंह ने कहा कि रोड की खुदाई से पर्व-त्योहार में दुर्घटना होने की संभावना रहती है।
उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निदेश दिया कि दिनांक 29.09.2022 से 07.10.2022 तक कोई नया निर्माण कार्य नहीं करेंगे। यदि कार्य किया जाता है तो संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी/अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/थाना कार्रवाई करेंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि छोटी पहाड़ी से शीतला मंदिर रोड, गुलजारबाग शेरशाह रोड, पटना म्यूजियम के पीछे का रास्ता, अदालतगंज तालाब के पास, स्वामीनंदन तिराहा, अनिसाबाद-एम्स रोड, गर्दनीबाग नई सरकारी आवास क्षेत्र, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, खजांची रोड से भद्र घट रोड एवं अन्य पथों पर गड्ढों की मरम्मती कर मोटरेबल बनाए। जहाँ कहीं पथ निर्माण विभाग या नमामि गंगे एवं अन्य एजेंसियों का कार्य हो रहा है, वहाँ संबंधित विभाग/संस्था का बोर्ड/बैनर लगा रहे ताकि पता चले कि किस विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है।
बैठक में डीएम डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था, नगर दंडाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी पटना सदर/पटना सिटी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पटना सदर/पटना सिटी, पथ निर्माण विभाग, पुल निर्माण विभाग, बुडको के कार्यपालक अभियंतागण, गेल के प्रतिनिधि, पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के परियोजना निदेशक,पटना नगर निगम के विभिन्न अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
September 26, 2022

25.09.2022 (दरभंगा) : केंद्र सरकार की योजना से दरभंगा में नवनिर्मित एसटीपीआई (आईटी पार्क) का जल्द होगा उद्घाटन। प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने उक्त बातें आईटी पार्क निरीक्षण के दौरान कहे। सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर ने एसटीपीआई के डायरेक्टर राजीव रंजन, एनपीसीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर कौशल किशोर एवं साइट इंजीनियर विजय कुमार के साथ दरभंगा में बन रहे बिहार के दूसरे आईटी पार्क का निरीक्षण किए, इस दौरान केवटी के विधायक डॉ मुरारी मोहन झा भी मौजूद थे। इस दौरान सांसद ने इसके निर्माण एवं उद्घाटन को लेकर कई दिशा निर्देश दिए।उन्होंने कहा की देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान एवं जय अनुसंधान के मंत्र को चरितार्थ करते हुए दरभंगा में आईटी पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। उनके ही कार्यकाल में इस आईटी पार्क का जमीन रजिस्ट्री एवं निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ था और अब जल्द ही यह क्रियाशील भी हो जाएगा। सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) द्वारा 09 करोड़ 90 लाख 16 हजार रुपए की लागत से 02 एकड़ भूमि पर 16 हजार 171 स्क्वायर फीट में बन रहे इस आईटी पार्क निर्माण हेतु वह कई बार विभागीय केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर चुके है। उन्होंने कहा की इस आईटी पार्क से मुख्यतः सॉफ्टवेयर कंट्रोल कार्य, कॉरपोरेट सेक्टर को इंटरनेट उपलब्ध कराना, बीपीओ का संचालन, नए स्टार्ट अप का प्रमोशन एवं वर्क प्लेस मुहैया कराने सहित कई सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा। आईटी पार्क के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्टार्टअप इंडिया के तहत उद्यमकर्ता को बढ़ावा मिलेगा, जिससे मिथिला के युवा वर्ग विशेष रूप से लाभान्वित होंगे। सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस इस केन्द्र के माध्यम से युवा अपनी दक्षता को बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इंजीनियरिंग, पॉलीटेक्निक, बीसीए, एमसीए व आईटीआई संस्थान से पढ़ाई करने वाले बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा। उनके लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के द्वारा खुलेंगे और इस आधुनिक आईटी पार्क का निर्माण हो जाने से यहां डेटा कम्युनिकेशन की सुविधा भी उपलब्ध हो जाएगी, जिससे बड़ी-बड़ी आईटी कंपनियां अपना ऑफिस यहां खोल सकेंगी, साथ ही आईटी पार्क से इनक्यूबेटर्स को बढ़ावा मिलेगा और नए स्टार्टअप खोलने वाले इच्छुक लोगों को मदद मिलेगा। मौका पर बोलते हुए केवटी विधायक मुरारी मोहन झा ने दरभंगा में ऐतिहासिक बिहार के दूसरे आईटी पार्क के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी एवं स्थानीय सांसद डॉ गोपाल जी ठाकुर को धन्यवाद दिए। उन्होंने कहा कि इसके प्रारंभ हो जाने से स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
September 26, 2022

24.09.2022 (दरभंगा) : समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी राजीव रौशन व एसएसपी अवकाश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में दुर्गापूजा को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कई दुर्गापूजा कमिटी के अध्यक्ष/सचिव ने कहा कि 5 व 6 सितंबर को प्रतिमा विसर्जन होगी।
जिला शांति समिति के सदस्यों ने सभी पूजा पंडालों के समीप तथा उनके मार्गों की सफाई करवाने, पानी और प्रकाश की व्यवस्था करवाने, शहरी क्षेत्र के सी.सी.टी.वी. कैमरे को चालू करवाने, फायर बिग्रेड की गाड़ी की व्यवस्था करवाने की माँग की, जलजमाव की स्थिति में पानी निकासी की व्यवस्था करने, चुना व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करवाने, कलश यात्रा एवं वाहन की यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस के प्रति नियुक्ति करने तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के व्यवस्था की मांग की कई सदस्यों ने बताया कि सप्तमी से दसवीं के बीच रात्रि में छिनतई की घटना भी कहीं कहीं होती है इस पर नज़र रखने की जरूरत है।
बैठक में तलाब बचाओ समिति के श्याम जी ने बताया कि धर्मशास्त्र में रात्रि में प्रतिमा विसर्जन प्रतिबंधित है। दुर्गापूजा में नौ प्रकार के पेड़ों की पूजा होती है। इसलिए वृक्षारोपण की जानी चाहिए। मूर्ति निर्माण में प्लास्टर ऑफ पेरिस तथा रंग में खतरनाक रसायन का प्रयोग किया जाता है, जिसे तालाब पोखर में विसर्जित करने पर खतरनाक रूप से प्रदूषण उत्पन्न होता है, इस पर सोचने की जरूरत है। नगर आयुक्त कुमार गौरव ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान दोनों वक्त साफ सफाई की व्यवस्था की जाएगी, पूजा पंडाल के पास साफ सफाई होगी। पूजा पंडाल के समीप के सड़कों के मरम्मत भी कराई जाएगी। चुना व ब्लीचिंग का छिड़काव कराया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे ठीक करवाए गए हैं, प्रकाश की व्यवस्था प्रतिवर्ष होती है। यदि कोई कमी रह जाये तो जिला शांति समिति के सदस्य उन्हें सूचित कर दें। बैठक को सम्बोधित करते हुए डीएम ने जिला शांति समिति के सदस्यों को कहा कि इस वर्ष नगरपालिका चुनाव हो रहे हैं और आदर्श आचार संहिता लगा हुआ है।
किसी भी पूजा पंडाल का उपयोग चुनाव प्रचार के लिए नहीं होगा। यदि कहीं ऐसा पाया जाएगा तो प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सिविल सर्जन को आवश्यक दवाओं का मेडिकल किट्स बनाकर सभी पूजा पंडालों को उपलब्ध करा देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए नहीं तो प्रॉपर्टी ऑफ डिफेसमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दूसरे संप्रदाय या दूसरे व्यक्ति की भावना को आहत करने वाला स्लोगन, पोस्टर व वीडियो का प्रयोग नहीं होना चाहिए, ऐसा पाए जाने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग बिना अनुमति का नहीं होगा। चुनाव का समय है इसलिए अनुमति लेकर ही ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा है, इसलिए जहां भी पंडाल परीक्षा केंद्र के समीप हैं उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि परीक्षार्थियों के आने जाने में किसी तरह की कोई कठिनाई न हो।
उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान संबंधित तालाबों के समीप प्रकाश व गोताखोर की व्यवस्था रहेगी। पीएचडी के कार्यपालक अभियंता को उन्होंने शहरी क्षेत्र के चापाकल ठीक करवा लेने का निर्देश दिया। साथ ही मादक द्रव्य का सेवन ना हो इस पर नजर रखने की जरूरत बताई। उन्होंने उत्पाद अधीक्षक को इस दौरान अधिक से अधिक ब्रेथ एनालाइजर का प्रयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाएगी इसलिए किसी भी प्रकार की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को दें सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का भड़काऊ मैसेज प्राप्त होने पर इसे ग्रुप में ना डाला जाए बल्कि सीधे आला अधिकारी को मैसेज किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला शांति समिति के सदस्यों द्वारा इस बैठक में जो भी सुझाव रखे गए हैं, उसे संबंधित विभाग द्वारा नोट किया गया है और इस पर अमल किया जाएगा। उम्मीद है कि सब के सहयोग से यह त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्ण सम्पन्न होगा।
जिला शांति समिति को संबोधित करते हुए एसएसपी अवकाश कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पूजा समिति अपने अपने पंडाल में बिजली कनेक्शन चुस्त करवा लेंगे, साथ ही अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रखेंगे। तीन-चार दिन तक पूजा का प्रोग्राम चलता है। निर्धारित समय अवधि के बाद लाऊड स्पीकर ना बजाएं, बजाएं तो इतनी धीमी आवाज में कि केवल पंडाल के लोग ही सुन सकें। चुनाव की अवधि है इसलिए अनुमति प्राप्त करने के बाद ही साउंड सिस्टम बजाएं। उन्होंने कहा कि छिनतई की घटना पर नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का भड़काऊ मैसेज प्राप्त होने पर इसे ग्रुप में ना डाल कर सीधे आला अधिकारी को सूचना दी जाए।उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना 112 नंबर पर दी जाए। मुख्यमंत्री द्वारा 112 नंबर की व्यवस्था की गई है, जिसका काफी संवेदनशीलता से निष्पादन किया जाता है। पटना से तुरंत सूचना आ जाती है, जिला पुलिस मुख्यालय को और त्वरित कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा कि इस नंबर का अधिक से अधिक प्रयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी अश्लील गाना न बजाएं। त्योहार को त्यौहार की तरह मनाएं और त्यौहार का आनंद लें। उन्होंने कहा कि रामनवमी और मुहर्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है और आशा है कि दुर्गापूजा भी आप सबों के सहयोग से शांतिपूर्वक सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहर सम्पन्न होगा।
उक्त बैठक में नगर आयुक्त कुमार गौरव , भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सदर, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता राकेश कुमार रंजन, उत्पाद अधीक्षक ओम प्रकाश, प्रभारी पदाधिकारी आपदा सत्यम सहाय के साथ-साथ अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे। वहीं जिला शांति समिति के तमाम सदस्य उपस्थित थे।